मध्य प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, 780 नए ब्लॉक अध्यक्षों की हुई नियुक्ति

जीतू पटवारी ने अपने अध्यक्ष बनने के दो साल पूरे होने वाले दिन ही प्रदेश में 780 नए ब्लॉक अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है।

Updated: Dec 17, 2025, 12:23 PM IST

भोपाल। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के सगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने अपने अध्यक्ष बनने के दो साल पूरे होने वाले दिन ही प्रदेश में 780 नए ब्लॉक अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। इसमें कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं। पार्टी ने भोपाल से लेकर ग्वालियर तक और इंदौर से लेकर जबलपुर तक सभी संभागों में कई नए ब्लॉक अध्यक्ष बनाए हैं, जो पार्टी के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि सभी नेताओं से चर्चा और लंबे समय तक मंथन के बाद ही सभी जिलों में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों पर मुहर लगी है। दरअसल, कांग्रेस जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद में जुटी है। इसी कड़ी में नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों पर मुहर लगी है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से पुराने ब्लॉक अध्यक्ष जमे हुए थे। ऐसे में पार्टी में लंबे समय से नई नियुक्तियां होने की चर्चाएं चल रही थी, जिस पर जीतू पटवारी ने मुहर लगा दी है। खास बात यह है कि ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों में जिलाध्यक्षों की भूमिका भी अहम मानी जा रही है। क्योंकि जिलाध्यक्षों की नियुक्तियों के वक्त ही राहुल गांधी ने यह स्पष्ट किया था कि पार्टी में टिकट वितरण से लेकर सभी निर्णयों में जिलाध्यक्षों की भूमिका अहम रहेगी। 

ऐसे में जिले की टीम बनाने में भी जिलाध्यक्षों की राय सबसे ज्यादा ली जा रही है, जिसके बाद ही ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां हुई हैं। इसके अलावा जिले में सीनियर नेताओं की राय सलाह पर भी अमल किया गया है। साथ ही जातिगत समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। माना जा रहा है कि आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनावों को देखते हुए ये नियुक्तियां की गई है।