विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा फैसला, दीपक बैज को बनाया छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष
चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने दीपक बैज को राज्य का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अब तक कांग्रेस नेता मोहन मरकाम इस पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

रायपुर। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव किया है। बस्तर सांसद तथा दो बार विधायक रह चुके दीपक बैज को छत्तीसगढ़ कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बुधवार देर शाम पार्टी आलाकमान ने बैज के नाम पर मुहर लगाई। वे वर्तमान अध्यक्ष मोहन मरकाम की जगह लेंगे।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैज को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। छत्तीसगढ़ में इस साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। इस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार भी है। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की ये दूसरी बड़ी नियुक्ति है। इससे पहले कांग्रेस ने पार्टी के सीनियर नेता और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री टीएस सिंह देव को राज्य का डिप्टी सीएम बनाया था।
दीपक बैज को राज्य के सीएम भूपेश बघेल ने नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, "छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री दीपक बैज जी को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं। हमारे निवर्तमान अध्यक्ष श्री मोहन मरकाम जी का संगठन का सफल नेतृत्व करने के लिए आभार।"
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री दीपक बैज जी को नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) July 12, 2023
हमारे निवर्तमान अध्यक्ष श्री मोहन मरकाम जी का संगठन का सफल नेतृत्व करने के लिए आभार।@DeepakBaijINC @MohanMarkamPCC pic.twitter.com/c2UaGPS2mF
दरअसल साल 2018 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल के नेतृत्व में एकतरफा बहुमत के साथ सरकार बनाने के बाद लोकसभा चुनाव तक सीएम भूपेश के हाथों पार्टी की कमान थी। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद 28 जून 2019 को मोहन मरकाम को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। मरकाम करीब चार साल तक अध्यक्ष पद पर बने रहे। अब माना जा रहा है कि उन्हें कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।