कांग्रेस सांसदों से अभद्रता के विरोध में रायपुर में प्रदर्शन, कांग्रेस ने कहा महिला सांसदों की हुई पिटाई, मोदी तुमको शर्म न आई
छत्तीसगढ़ महिला सांसदों के साथ राज्यसभा में हुई अभद्रता के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना की निंदा की

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम ने बीजेपी पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीजेपी नेता केंद्र में सत्ता के मद में मदमस्त हैं, और अब गुंडागर्दी पर उतारू हैं। दरअसल राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की महिला सांसदों के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार शाम प्रदर्शन किया। बीजेपी के खिलाफ मौन प्रदर्शन में प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पीसीसी चीफ मोहन मरकार, मंत्री रविंद्र चौबे समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
भरी बरसात में कांग्रेसी राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और राज्यसभा में कांग्रेस की सचेतक छाया वर्मा के साथ सदन में हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे। कांग्रेसियों ने रायुपर के गांधी मैदान में मौन विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बरसात होने लगी बावजूद इसके मुख्यमंत्री वहीं बैठे रहे और केंद्र के खिलाफ गांधीगीरि की। कांग्रेस का यह मौन प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला।
छत्तीसगढ़ की बेटियों राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम जी तथा राज्यसभा सदस्य और राज्यसभा में कांग्रेस की सचेतक छाया वर्मा जी के साथ राज्यसभा में हुए दुर्व्यवहार के खिलाफ गांधी मैदान में मौन विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री @bhupeshbaghel जी एवं प्रदेश अध्यक्ष @MohanMarkamPCC जी। pic.twitter.com/pvoi97NAbI
— INC Chhattisgarh (@INCChhattisgarh) August 19, 2021
इस मौन प्रदर्शन में पार्टी वर्कर्स पोस्टर बैनर लेकर पहुंचे थे। जिनमें राज्यसभा में आदिवासी महिला सांसदों के अपमान और पिटाई का विरोध किया गया था। कई तख्तियों में लिखा था राज्यसभा में महिला सांसदों की हुई पिटाई मोदी तुमको शर्म न आई, आदिवासी महिला का आपमान नहीं सहेंगे और लोकतंत्र की हत्या नहीं सहेंगे।
और पढ़ें: गडकरी ने नेहरू और वाजपेयी को बताया लोकतंत्र का आदर्श, सरकार और विपक्ष को दी आत्मचिंतन की नसीहत
इस मौके पर सीएम भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद फूलोदेवी नेताम और छाया वर्मा मौजूद थीं। इस दौरान कई वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री मोहम्मद अकबर, रविंद्र चौबे, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, डॉ. शिव डहरिया, गुरु रुद्र कुमार के अलावा विधायक धनेंद्र साहू, अमितेश शुक्ला भी बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन में पहुंचे।
बीते 11 अगस्त को राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान सदन में सांसद छाया वर्मा और फूलो देवी नेताम सहित महिला सांसदों के साथ केंद्रीय मंत्रिमंडल की मौजूदगी में अभद्रता की गई थी। कांग्रेस ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। वहीं दोनों राज्यसभा सांसदों ने प्रदेश आकर अपनी आपबीती सुनाई थी, जिसमें वे भावुक भी होती नजर आईं थीं।