छत्तीसगढ़ में हुआ विभागों का बंटवारा, विजय शर्मा बने गृह मंत्री, अरुण साव को मिला पीडब्ल्यूडी

IAS की नौकरी छोड़कर विधायक और मंत्री बने ओपी चौधरी अब वित्त विभाग संभालेंगे। बृजमोहन अग्रवाल को स्कूल शिक्षा मंत्री, संसदीय कार्य, उच्च शिक्षा, धार्मिक न्यास और धर्मस्व, पर्यटन और संस्कृति विभाग मिला है।

Updated: Dec 29, 2023, 09:36 PM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के विभाग तय हो गए हैं। डिप्टी सीएम अरुण साव को लोक निर्माण, विधि और नगरीय प्रशासन दिया गया है। वहीं विजय शर्मा गृह मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा उन्हें तकनीकी शिक्षा और रोजगार की भी जिम्मेदारी दी गई है। सीएम विष्णुदेव साय ने सामान्य प्रशासन, ऊर्जा और जनसंपर्क अपने पास रखा है।

IAS की नौकरी छोड़कर विधायक और मंत्री बने ओपी चौधरी अब वित्त विभाग संभालेंगे। बृजमोहन अग्रवाल को स्कूल शिक्षा मंत्री, संसदीय कार्य, उच्च शिक्षा, धार्मिक न्यास और धर्मस्व, पर्यटन और संस्कृति विभाग मिला है। रामविचार नेताम को कृषि मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें आदिम जाति विकास,अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक विकास विभाग भी दिया गया है।

वहीं, दयालदास बघेल को खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केदार कश्यप को वन विभाग, जल संसाधन, कौशल विकास प्राधिकरण विभाग दिया गया है। लखनलाल देवांगन को वाणिज्य और उद्योग विभाग, श्यामबिहारी जायसवाल को लोक स्वास्थ्य और परिवहन कल्याण, चिकित्सा शिक्षा विकास और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी मिली है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभागों के बंटवारे के बाद सभी मंत्रियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सभी मंत्री अपने-अपने विभागों से अब जनता के हित के लिए कार्य करेंगे। इससे पहले विभागों के बंटवारे को लेकर जब लिस्ट सामने आई तो काफी देर तक उसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। वहीं मंत्री भी इसे लेकर उलझन में थे। उनके पास लोगों के बधाई देने के लिए कॉल आ रहे हैं, लेकिन उन्हें भी इसके बारे में आधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया था।