छतरपुर में दलित युवक की गोली मारकर हत्या, राहुल गांधी ने राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाए। मैं प्रजापति परिवार और देश के हर बहुजन के साथ खड़ा हूं। यह लड़ाई सम्मान, न्याय और बराबरी की है और हम ये लड़ाई हर हाल में जीतेंगे: राहुल गांधी

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दलित युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने हक के राशन की मांग की थी। इसी वजह से उसे गोली मार दी गई। इस घटना के बाद राज्य की सियासत गर्म है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'मध्य प्रदेश में 19 साल के पंकज प्रजापति को सिर्फ़ इसलिए सरेआम गोली मार दी गई - क्योंकि उसने दलित होकर अपने हिस्से का हक़ मांगा। FIR दर्ज नहीं की गई, पोस्टमार्टम टाल दिया गया - क्योंकि गुनहगार नेता सत्ता की गोद में बैठा है और सत्ता मनुवादी और बहुजन विरोधी BJP की है।'
राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'मोदी सरकार के 11 साल - दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के लिए अपमान, हिंसा और भेदभाव से भरे रहे हैं। इन्हें संस्थागत रूप से दोयम दर्जे का नागरिक बनाने और मुख्यधारा से दूर रखने की साजिश लगातार जारी है।दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी हो, और उन्हें कड़ी से कड़ी सज़ा दिलाई जाए। मैं प्रजापति परिवार और देश के हर बहुजन के साथ खड़ा हूं। यह लड़ाई सम्मान, न्याय और बराबरी की है और हम ये लड़ाई हर हाल में जीतेंगे।'
इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'जब दिल्ली में मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर जश्न में डूबी है, तब जमीनी हकीकत मध्य प्रदेश के छतरपुर में खून से रंगी है। नौगांव में एक दलित युवक को सिर्फ़ इस लिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसने राशन मांगने की हिम्मत की। और चौंकाने वाली बात ये इस जघन्य हत्या का आरोप भाजपा और RSS नेता प्रवीण पटेरिया पर है।'
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने बताया कि पहले राशन वितरण में गड़बड़ी पर विवाद हुई। इसके बाद खुलेआम युवक को गोली मार दी गई। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस घंटों तक मामले में एफआईआर तक दर्ज नहीं की और बदमाश बेखौफ घूम रहे हैं क्योकि मोहन सरकार में कानून व्यवस्था दम तोड़ चुकी है। कांग्रेस ने पीएम मोदी को पूछा कि क्या यही नया भारत है, जहां भूख का जवाब गोली से दिया जाता है?