मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले पर महिलाओं ने बरसाईं चप्पलें, अभद्र टिपण्णी के विरुद्ध इंदौर में प्रदर्शन
मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी की थी, इसके विरुद्ध महिलाओं ने प्रदर्शन किया।

इंदौर। राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ अभद्र टिपण्णी पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ गुस्सा थम नहीं रहा है। इंदौर में शुक्रवार को महिलाओं ने भाजपा मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उनके पुतले पर चप्पलें मारीं और फिर उसका दहन किया।
दरअसल, कैलाश विजयवर्गीय ने बीते दिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर अनर्गल और असंस्कारी टिप्पणी की थी। जिसके विरोध में प्रदेशभर में प्रदर्शन किया जा रहा है।
कुंठित कैलाश इसी लायक है!
— MP Congress (@INCMP) September 26, 2025
राजवाड़ा, इंदौर pic.twitter.com/EGaBs0of1Y
उधर, पन्ना में भी जिला कांग्रेस कमेटी ने कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इंद्रपुरी कॉलोनी में कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन करने का प्रयास किया, जिस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।
प्रदर्शन के दौरान, जब कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने लगे, तो थाना प्रभारी रोहित मिश्रा ने तत्काल हस्तक्षेप किया और पुतले को छीनने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझपटी हुई। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर आग को तुरंत बुझा दिया।
मामले पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रवि वर्मा ने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय का बयान न सिर्फ़ गिरी हुई सोच का नमूना है बल्कि प्रदेश की हर बहन-बेटी का सीधा अपमान है। बहन के रिश्ते को सड़कछाप मज़ाक बनाना कैलाश शरीके नेताओं की बीमार मानसिकता का प्रमाण है। जिस पार्टी के मंत्री ‘बहन-बेटियों’ की गरिमा तक का सम्मान नहीं कर पाते, उनसे जनता के सम्मान की उम्मीद करना बेकार है। यह बयान साबित करता है कि भाजपा नेता संस्कार और संस्कृति बेचकर सिर्फ़ सत्ता की राजनीति करते हैं। क्योंकि कैलाश का बयान सिर्फ़ शब्द नहीं, भाजपा और आरआरएस से मिले उन्हें पूरे संस्कार का आईना है।