रायपुर की कैमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, फैक्ट्री संचालक पर लगा नियमों की अनदेखी का आरोप

कोलंबिया कैमिकल फैक्ट्री में आग से लाखों के नुकसान की आशंका, फैक्ट्री में नहीं था अग्निशमन यंत्र, प्रबंधन पर ने नहीं दिया सुरक्षा पर ध्यान

Updated: May 21, 2021, 01:39 PM IST

Photo courtesy: twitter
Photo courtesy: twitter

रायपुर। भनपुरी इलाके में कोलंबिया कैमिकल्स फैक्ट्री में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी भीषण थी की उसने आसपास की बिल्डिगों को चपेट में ले लिया। आग की लपटें दूर से ही नजर आ रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर फ़ायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर कंट्रोल किया। बताया जा रहा है कि कैमिकल फैक्ट्री में अग्निशमन यंत्र तक नहीं था, जिसके कारण शुरुआती दौर में आग नहीं बुझाई जा सकी औऱ वह भीषण रूप लेती चली गई।

फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में कैमिकल और ऑयल रखा होने की वजह से आग तेजी से फैलती गई। जिसे काबू करने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि कोलंबिया फैक्टरी के भीतर करीब 1 हजार स्कवायर फीट में कच्चा माल रखा था। जिसे आग ने अपनी चपेट में ले लिया। और आग विकराल रूप लेती चली गई। इस कैमिकल फैक्ट्री में ऑयल, पेंट का निर्माण किया जाता था। फैक्ट्री में रखा कैमिकल चारों तरफ फैलने से वह लावा का तरह नजर आ रहा था।

 

बताया जा रहा है कि भनपुरी स्थित इस कोलंबिया कैमिकल फैक्ट्री में लंबे समय से लापरवाही की जा रही थी। कंपनी प्रबंधक पर लापरवाही का आरोप लगा है। यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने बड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में कामयाबी हासिल की।

फिलहाल आग से किसी से हताहत होने की खबर नहीं है। आग से फैक्ट्री का लाखों के नुकसान की आशंका है। आग लगने से इलाके में दहशत का माहौल है। खमतराई थाना ने मामला दर्ज कर लिया है, फैक्ट्री में आग लगने की वजह का खुलासा नहीं हो पाया है। मामले में जांच की जा रही है।