MP: ग्वालियर में छात्रों से भरी स्कूल बस पर फायरिंग, ड्राइवर को लगी गोली

ग्वालियर के डबरा में रास्ता देने के विवाद में कार सवार बदमाशों ने 50 बच्चों से भरी स्कूल बस के ड्राइवर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चालक घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हैं।

Updated: Sep 12, 2026, 01:38 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में शनिवार सुबह स्कूल बस को रास्ता देने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि कार सवार युवकों ने ड्राइवर पर कट्टे से फायरिंग कर दी। हमले में बस चालक खेम सिंह घायल हो गया। घटना के समय बस में करीब 50 बच्चे सवार थे। गोली चलाने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना पिछोर थाना क्षेत्र के बड़ी अकबई गांव के पास की है। शनिवार सुबह टेकनपुर स्थित ग्लोरियस कॉन्वेंट स्कूल की बस बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान सड़क के बीच एक स्विफ्ट कार खड़ी मिली जिससे बस का रास्ता रुक गया।

यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बस चालक खेम सिंह ने पहले हेल्पर को कार के पास भेजकर उसे हटाने के लिए कहा। कार में बैठे युवकों ने पेट्रोल खत्म होने की बात कही और वाहन हटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद खेम सिंह खुद उनके पास पहुंचा और सड़क खाली कराने के लिए कार को धक्का देकर किनारे करने की बात कही।

इसी बात पर दोनों युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि कार सवार एक युवक ने कट्टा निकाला और खेम सिंह पर लगातार चार गोलियां चला दी। फायरिंग में निकले छर्रे उसके गाल और आंख के पास लगे जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी कार लेकर वहां से भाग निकले।

यह भी पढ़ें:MP: बड़वानी में बड़े पैमाने पर हो रही थी गांजे की खेती, 4 खेतों से 10 क्विंटल माल जब्त

पुलिस के मुताबिक, घायल ड्राइवर को पहले डबरा के अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। खेम सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की स्विफ्ट कार के सभी शीशों पर काली फिल्म लगी थी। कार के पिछले शीशे पर गुर्जर लिखा हुआ था।

पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने बताया कि घायल चालक का इलाज कराया गया है और उसके बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, SDOP सौरभ कुमार के अनुसार, पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और जल्द उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के दौरान बस में मौजूद एक छात्र ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वाले युवक के बाल काफी बड़े थे। फिलहाल पुलिस कार और आरोपियों की पहचान से जुड़े अन्य सुराग जुटा रही है।

यह भी पढ़ें:सीहोर में फिल्टर प्लांट से लीक हुआ क्लोरीन गैस, 10 लोग बीमार, तीन दिनों में दूसरी घटना