शेयर मार्केट में हाहाकार, सेंसेक्स 671 अंक गिरकर 59,135 पर बंद, अडाणी ग्रुप के 10 में से 7 शेयरों में गिरावट

हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सेंसेक्‍स 671 अंक टूटकर 59,135 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 177 अंक टूटकर 17,413 के लेवल पर बंद हुआ है। निवेशकों को आज दो लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

Updated: Mar 10, 2023, 06:23 PM IST

मुंबई। कमजोर ग्‍लोबल संकेतों के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। आज के कारोबार में सेंसेक्‍स और निफ्टी दोनों इंडेक्‍स में तेज गिरावट दर्ज की गई है। सेंसेक्‍स आज जहां 650 अंकों से अधिक कमजोर हुआ है तो वहीं निफ्टी 17400 के आस पास बंद हुआ है।

फिलहाल सेंसेक्‍स में 671 अंकों की कमजोरी रही है और यह 59135 के लेवल पर बंद हुआ है। जबकि निफ्टी 177 अंक टूटकर 17,413 के लेवल पर बंद हुआ है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 10 शेयरों में तेजी रही। हफ्ते के आखिरी दिन शेयर मार्केट में बिकवाली के कारण निवेशकों को दो लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर पर धरने पर बैठी केसीआर की बेटी, संसद और विधानसभाओं में महिला आरक्षण की मांग

उधर हिंदनबर्ग के भंवर में फंसे अडानी ग्रुप के शेयरों में भी आज जोरदार गिरावट देखने को मिली। अडाणी ग्रुप के 10 में से केवल 3 शेयरों में तेजी है और 7 में गिरावट है। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 5% से ज्यादा टूटा है। वहीं, अडाणी पोर्ट्स में भी करीब 2% की गिरावट है। अडाणी पावर करीब 2% और अडाणी विल्मर 4.5% नीचे हैं। 

उधर अडानी ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC में 1% से ज्यादा और अंबुजा में 2% की गिरावट है। अडानी समूह की मीडिया कंपनी एनडीटीवी का शेयर भी4% टूटा है। अडाणी ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी और टोटल गैस इन तीनों शेयरों में तेजी देखी गई। ये सभी शेयर करीब 5% ऊपर गए हैं।

बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन यानी गुरुवार (9 मार्च 23) को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 541 अंक गिरकर 59,806 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 164 अंक की गिरावट रही। यह 17,589 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 शेयरों में गिरावट और सिर्फ 7 शेयरों में तेजी रही।