सरकार बनने के 30 दिन के अंदर किसानों को बीमा का पैसा दिलवाएंगे और कर्ज माफ करेंगे: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। फिर उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपया भेजा जाएगा। महीने का 8500 रुपए खाते में डाला जाएगा।
झांसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को झांसी में संयुक्त रैली की। इस दौरान दोनों नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा वाले 22 अरबपति बना रहे हैं। हम करोड़ों लखपति बनाएंगे। हर परिवार से एक महिला चुनी जाएगी। उन करोड़ों महिलाओं के खाते में एक लाख रुपए भेजे जाएंगे। यानी महीने 8500 रुपया खाते में जाएगा। 4 जून को हम हिंदुस्तान के गरीब किसानों का कर्जा माफ करने जा रहे हैं। जैसे हमने यूपीए सरकार में पहले किया था।
राहुल गांधी ने कहा, 'अग्निवीर योजना को हम फाड़कर कचरे में फेंक देंगे, हम शहीदों के साथ भेदभाव नहीं होने देंगे। मुफ्त अनाज योजना कांग्रेस की सरकार लेकर आई थी, हमारी सरकार बनने पर हम इसके तहत और अधिक, अच्छी क्वालिटी का राशन देंगे। 4 जून के बाद आंगनबाड़ी महिलाओं की आय दोगुनी हो जाएगी। गरीबों, किसानों, कमजोर लोगों की सरकार बननी चाहिए, अंबानी-अडानी की सरकार हटाने का वक्त आ गया है।'
राहुल गांधी ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर छाते लटका दिए। कोरोना काल में ताली थाली बजाने का काम किया। मीडिया के लोग कह रहे थे कि क्या कमाल की बात बोली। कोविड में नाच-गाना हो रहा था। मीडिया के लोग बोले कि क्या कमाल की बात है। मोबाइल फोन की लाइट जलाने के लिए बोला। जब आपकी जमीन छीनने का मौका आता है आपको लालच देकर बरगला कर हड़प लेते हैं। यह चुनाव संविधान को बचाने का है। जो भी आपको मिला है वो संविधान ने दिया है। इसके बिना गरीब लोग कहीं के नहीं रहेंगे।'
इस दौरान सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तो यूपी में तीन सैनिक स्कूलों के लिए जमीन मिल गई। हमारी सरकार किसानों को मुआवजा भी दे रही थी। आज बीजेपी की सरकार में लूट हो रही है कि नहीं, इनका हर वादा झूठा निकला। मनमर्जी वाले लोग मन की बात करते हैं। एक तरफ वो लोग हैं जो संविधान कुचलना चाहते हैं। एक तरफ हम लोग संविधान को बचाना चाहते हैं। डबल इंजन की सरकार बोलने वाले लोगों का एक इंजन खटारा है। पूरा भरोसा है कि इस बार झांसी हमीरपुर से दोनों को जिताने का काम करेंगे। पंजा और साइकिल दोनों साथ आ गए है।