आर्ट डायरेक्टर नितिन देशाई ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, देवदास, जोधा-अकबर जैसी फिल्मों का डिजाइन किया था सेट

बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने पैसों की तंगी के कारण खुदकुशी कर ली। उन्होंने देवदास, लगान, जोधा अकबर और हम दिल दे चुके सनम जैसी मशहूर फिल्मों का सेट डिजाइन किया था।

Publish: Aug 02, 2023, 12:34 PM IST

मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर आर्ट डायरेक्टर नितिन देसाई ने सुसाइड कर लिया है। नितिन ने बुधवार की सुबह आत्महत्या कर ली। नितिन देसाई अपने एन डी स्टूडियो में मृत पाए गए। उनकी मौत की खबर सामने आते ही हर कोई हैरान है। सिनेमा जगत में सन्नाटा पसर गया है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितिन देसाई ने सुबह 4:30 बजे एन डी स्टूडियो में फांसी लगाकर जान दे दी। उनकी मौत का कारण पैसों की तंगी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि नितिन देसाई कल रात 10 बजे अपने कमरे में चले गए थे। आज सुबह काफी देर तक वो बाहर नहीं आए। तभी उनके बॉडीगार्ड और दूसरे लोगों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा किसी ने खोला नहीं। खिड़की से जब देखा गया तो नितिन देसाई का शव पंखे से लटका हुआ था, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को उतारा है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देसाई की उम्र 58 साल थी। वे अपना ज्यादातर वक्त एनडी स्टूडियो में ही बिताते थे। नितिन ने 1987 में टीवी शो 'तमस’ से अपना करियर शुरू किया था। नितिन ने हम दिल दे चुके सनम, लगान, देवदास, जोधा अकबर और प्रेम रतन धन पायो जैसी फिल्मों के सेट डिजाइन किए थे। उन्हें चार बार बेस्ट आर्ट डायरेक्शन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। आखिरी बार उन्होंने फिल्म पानीपत के लिए काम किया था।