शाहरुख़ की पठान के नाम हुआ एक और कीर्तिमान, फ़िल्म ने किया 700 करोड़ के आंकड़े को पार
पठान फ़िल्म जल्द ही दंगल के लाइफ टाइम कलेक्शन को पार करने वाली है

मुंबई। अपनी रिलीज़ के बाद से ही बॉक्स ऑफिस के तमाम रिकॉर्ड को ध्वस्त कर रही पठान के नाम एक और कीर्तिमान स्थापित हो गया है। पठान ने दुनिया भर में सात सौ करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला ने इसकी जानकारी दी है।
बाला ने अपने ट्वीटर हैंडल पर बताया कि 'पठान ने सिर्फ नौ दिनों के भीतर दुनिया भर में 700 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है।' गुरुवार को पठान ने भारत भर में पंद्रह करोड़ से अधिक की कमाई की थी।
#Pathaan crosses ₹ 700 Crs at the WW Box office in 9 days..
— Ramesh Bala (@rameshlaus) February 3, 2023
इससे पहले गुरुवार को ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि पठान रुकने का नाम नहीं ले रही है। अपने रिलीज़ के दूसरे हफ्ते में ही यह फ़िल्म दंगल के लाइफ टाइम कलेक्शन को पार कर लेगी।
#Pathaan shows no signs of fatigue... Collects a big, fat number on Day 8 [Wed], REMARKABLE... Will cross #Dangal in Weekend 2… Wed 55 cr, Thu 68 cr, Fri 38 cr, Sat 51.50 cr, Sun 58.50 cr, Mon 25.50 cr, Tue 22 cr, Wed 17.50 cr. Total: ₹ 336 cr. #Hindi. #India biz. pic.twitter.com/AFwmA6DgHq
— taran adarsh (@taran_adarsh) February 2, 2023
भारत की बात करें तो पठान के हिंदी वर्ज़न ने गुरुवार तक बॉक्स ऑफिस पर 336 करोड़ कमा लिए थे। बुधवार को फिल्म ने 17.5 करोड़ का कारोबार किया था। वहीं अपने तमिल और तेलुगु वर्ज़न से फिल्म ने करीब साढ़े बारह करोड़ की कमाई कर ली है।
पठान शाहरुख ख़ान की कमबैक फिल्म है। शाहरुख़ की वापसी ने बॉलीवुड में भी नई जान फूंक दी है। पठान के सुपरहिट होने के बाद से ही बॉलीवुड के पटरी होने पर उम्मीद लौट आई है।
पठान रिलीज़ से पहले ही विवादों में घिर गई थी। फिल्म के गाने बेशर्म रंग को हिंदू संगठनों ने भगवा और हिंदू धर्म का अपमान बताया और फिल्म के बॉयकॉट करने की मांग की गई। इतना ही नहीं, फिल्म के रिलीज़ होने के बाद हिंदू संगठनों ने जगह जगह पर फिल्म के पोस्टर्स फाड़ डाले। उपद्रव की वजह से कई जगहों पर पठान के शो रद्द करने पड़े। लेकिन इसके बावजूद फ़िल्म बड़ा कारोबार करने में कामयाब रही।