मक्का की MSP पर खरीद न होने से परेशान हैं किसान, दिग्विजय सिंह ने सीएम को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखे पत्र में कहा है कि पिछले दो सालों से खुद सीएम के गृह ज़िले के मक्का के किसान परेशान हैं, इस सीज़न मक्का की फसल एमएसपी पर नहीं खरीदी जा रही है, जिस वजह से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है

Updated: Sep 23, 2021, 01:01 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में खरीफ फसलों की एमएसपी पर खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन शुरु हो गया है। लेकिन इसमें मक्का की फसल को शामिल नहीं किया गया है। जिस वजह से प्रदेश में मक्का की खेती करने वाले किसान काफी चिंतित हैं। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मक्का के किसानों की चिंता सीएम शिवराज सिंह चौहान तक पहुँचा दी है। कांग्रेस नेता ने सीएम से मक्का के किसानों की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने की मांग की है।  

दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को इस सिलसिले में एक पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री को लिखे अपने पत्र में राज्यसभा सांसद ने कहा है कि राज्य सरकार ने खरीफ फसल समर्थन मूल्य 2021 में ज्वार, बाजरा, धान को ही शामिल किया है, लेकिन प्रदेश की मुख्य फसल मक्का को शामिल नहीं किया गया है। कांग्रेस की आंदोलन योजना समिति के अध्यक्ष ने सीएम को इस बात से अवगत कराया है कि इस वर्ष सोयाबीन के बीज की कमी होने के कारण किसानों द्वारा मक्का की फसल बोई गई है। जिस कारण मक्का को समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदने से अत्याधिक किसानों के मन में अपने संभावित नुकसान का डर घर गया है। 

सीएम के गृह ज़िले के किसान भी परेशान

कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार के इस फैसले के दुष्परिणाम से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कहा कि मक्का की फसल को समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदे जाने से किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ेगा। इतना ही नहीं कांग्रेस नेता ने खुद सीएम शिवराज के गृह ज़िले सीहोर के मक्का किसानों की हालत के बारे में सूचित करते हुए कहा है कि विगत दो वर्षों मे भी आपके सीहोर जिले सहित पूरे मध्यप्रदेश में किसानों को सात सौ रूपये से लेकर एक हजार रूपये क्विंटल तक की कीमत में मक्का बेचना पड़ा था। लागत नही मिलने से किसानों की कमर टूट गई थी। 

कांग्रेस नेता ने सीएम को आगाह करते हुए कहा है कि इस वर्ष पुनः वही स्थिति निर्मित हो रही है। इसलिए मध्य प्रदेश में मक्का को समर्थन मूल्य पर खरीदने का जल्द से जल्द निर्देश दिया जाना चाहिए। ताकि पिछले दो वर्षो से शोषित प्रदेश के किसान राहत प्रदान की सांस ले सकें।  

मध्य प्रदेश में खरीफ फसलों की खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन 15 सितंबर से शुरु हो गई है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 14 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इस सीज़न धान का खरीदी भाव 1940 रुपए प्रति क्विंटल, ज्वार 2738 रुपए प्रति क्विंटल और बाजरा का खरीदी भाव 2250 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है।