MP में अब AI करेगा आयुर्वेदिक इलाज, मरीजों की लाइफस्टाइल के हिसाब से तैयार करेगा प्लान

भोपाल के पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल व महाविघालय में अब एआई और आयुर्वेद मिलकर मरीजों की देखभाल करेंगे। इसमें मरीजों की खानपान, उम्र, आदतों और मानसिक स्थिति को लेकर एक पर्सनल हेल्थ प्लान तैयार किया जाएगा।

Publish: Jul 18, 2025, 05:05 PM IST

Photo Courtesy: ETV Bharat
Photo Courtesy: ETV Bharat

भोपाल। देश में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसके बढ़ते कदम ने देश की कई दिग्गज कंपनियों के काम आसान कर दिए हैं। शिक्षा, कला, इंजीनियरिंग सहित क्रिकेट जैसे खेलों में भी इसका उपयोग होने लगा है। अब यहीं एआई (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) भोपाल में आयुर्वेदिक उपचार में उपयोग किया जाएगा। जो कई अलग-अलग जानकारी प्रदान करेगा। 

शहर के पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेदिक अस्पताल व महाविघालय में अब एआई और आयुर्वेद मिलकर मरीजों की देखभाल करेंगे। इसमें मरीजों की खानपान, उम्र, आदतों और मानसिक स्थिति को लेकर एक पर्सनल हेल्थ प्लान तैयार किया जाएगा। इसे आयुर्वेद का तकनीकि क्षेत्र में जोड़ने से एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिससे मरीजों का डे-केअर रूटीन अब एआई निर्मित होगा।

यह भी पढ़ें: भोपाल में शौच करना हुआ महंगा, सार्वजनिक शौचालयों में 6 की जगह देने होंगे 10 रूपए

कलियासोत की पहाड़ों पर स्थित खुशीलाल अस्पताल में अब एआई आधारित मशीनों को लाने की प्लानिंग चल रही है। बता दें तकनीक पेशेंट के लिए न सिर्फ लक्षणों और शारीरिक विवरण की जानकारी देगा। बल्कि यह भी बताएगा कि उनके लिए कौन सी दवाएं उपयुक्त है। उनकी दिनचर्या कैसी होना चाहिए। कौन-कौन सी कसरत करना चाहिए जिससे रोगी जल्दी ठीक हो सकें। 

इससे ह्दय रोग, मोटापा, कुपोषण, टीबी से पीड़ित मरीजों की नियमित देखभाल की जाएगी। एआई तकनीक समय-समय पर मरीजों को अलर्ट और सलाह भी देगा। महाविघालय के प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला ने बताया कि हम आयुर्वेद को तकनीक के माध्यम से जोड़कर इसे और भी असरदार बनाना चाहते हैं। हर इंसान की शारीरिक संरचना, आयु, मानसिक स्थिति और दोष अलग होते हैं। जिसमें हम एआई की मदद से मरीज की बीमारी पहचान कर जरूरी दवा और जीवनशैली की सलाह देंगे।