गुजरात में 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, MP के पांच तीर्थयात्रियों की मौत, 30 गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों से भरी बस गुजरात नासिक हाईवे पर खाई में पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई।

Updated: Feb 02, 2025, 01:28 PM IST

डांग। गुजरात के डांग जिले में बड़ा हादसा हुआ है। सापुतारा घाट पर रविवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में मध्य प्रदेश के 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इस बस में करीब 48 यात्री सवार थे, सभी को चोटें आई हैं। इनमें 30 की हालत गंभीर है। बस में सवार सभी श्रद्धालु शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिले के निवासी बताए गए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। नासिक से आ रही एक लग्जरी बस ढाई किलोमीटर दूर सापुतारा के रास्ते में मालेगाम फॉरेस्ट गेस्टहाउस के सामने घाट पर 200 फुट गहरी खाई में गिर गई। बस में कुल 48 श्रद्धालु सवार थे, जो धार्मिक यात्रा पर निकले थे, लेकिन वह दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में 30 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल यात्रियों को अहवा अस्पताल में भर्ती कराया या है, जबकि एक यात्री को सूरत रेफर किया गया है।

हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य किया। पुलिस ने सभी घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। शामगाहन सीएचसी में डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है, ताकि घायलों का तत्काल इलाज हो सके। डांग के DY एसपी एसजी पाटिल ने बताया कि मध्य प्रदेश के तीर्थयात्रियों से भरी बस गुजरात के सापुतारा में पलट गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।

बता दें कि मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों से श्रद्धालुओं का एक समूह 23 दिसंबर 2024 को धार्मिक यात्रा पर निकला था। यह यात्री उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के तीर्थ स्थलों की यात्रा कर रहे थे। कुल चार बसों में श्रद्धालु रवाना हुए थे, जिनमें से एक बस हादसे का शिकार हो गई।