चीन ने बदलेे आंकड़ें, कोरोना से मृतकों की संख्या बढ़ी
चीन ने कोरोना वायरस से अपने यहां हुई मौत के नए आंकड़े जारी किए है। अब चीन में मृतकों की संख्या 335 तथा वहुान शहर में 1,290 बढ़ा दी गई है।

चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन ने शुक्रवार को नए आंकड़े जारी किए हैं। नई रिपोर्ट के मुताबिक अकेले वुहान शहर में कुल 3 हजार 869 लोगों ने जान गंवाई है। यानी पहले के दावे से करीब 50% अधिक। पहले बताया गया था कि वुहान में कोरोना से 2 हजार 579 लोगों की मौत हुई है। अब कहा गया है कि वहां एक हजार 290 मौतें और हुई थीं। इस लिहाज से चीन में भी मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। नई रिपोर्ट के मुताबिक चीन में कुल 4 हजार 632 लोगों की मौत हुई है। पहले 3,342 मौत बताई गई थी। चीन ने माना है कि कई मौतों की वजह जानने में गलती हुई है। नई रिपोर्ट में वुहान में संक्रमितों की तादाद भी 325 बढ़ा दी गई है। यह आंकड़ा अब 50 हजार 333 हो गया है। इसी के साथ अब चीन में कुल संक्रमितों की संख्या 82,692 हो गई है। माना जाता है कि पूरी दुनिया में चीन के वुहान शहर से कोरोना वायरस फैला है।
कोविड-19 प्रिवेंशन एंड कंट्रोल के वुहान मुख्यालय ने कहा है कि आंकड़ों में संशोधन संबंधित नियम और कानून के अनुसार किए गए हैं। अब कोरोना से जुड़ी जानकारी पारदर्शी एवं सार्वजनिक हैं और आंकड़े भी सही हैं।
अमेरिका ने चीन को आंकड़ों को बताया था गलत
पूरी दुनिया चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन (एनएचसी) की ओर से जनवरी के अंत से रोजाना जारी किए जा रहे मृतकों की संख्या को लेकर संदेह जताया था। अमेरिका भी चीन के आंकड़ों पर संदेह जताता रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कई बार मौत के आंकड़ों को छुपाने को लेकर चीन पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन पर चीन का पक्ष लेने का आरोप लगाया था और फंडिंग रोक दी है।