Bihar Election 2025: JDU ने जारी की 57 प्रत्याशियों की पहली सूची, चिराग के खाते वाली 5 सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे

चिराग के दावे वाली 5 सीटों सोनबरसा, अलौली, राजगीर, एकमा और मोरबा पर भी JDU ने कैंडिडेट उतारे हैं। इससे NDA गठबंधन में विवाद गहराता जा रहा है।

Updated: Oct 15, 2025, 02:39 PM IST

पटना। विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में 57 कैंडिडेट्स के नाम शामिल हैं। लिस्ट में एक भी मुस्लिम नाम नहीं है। 10 अनुसूचित जातियों के कैंडिडेट्स को उतारा है। लिस्ट में 6 मंत्री भी हैं। 4 महिलाओं को भी टिकट मिला है।

JDU ने प्रत्याशियों की लिस्ट में चिराग पासवान की पार्टी LJP (R) के दावे वाली 5 सीटों पर भी उम्मीदवार उतारे हैं। ये सीट सोनबरसा, अलौली, राजगीर, एकमा और मोरबा हैं। यहां प्रत्याशी देकर नीतीश कुमार ने सियासत गर्मा दिया है। नीतीश के इस कदम से एनडीए गंठबंधन में व्याप्त असंतोष एक बार फिर उजागर हो गया है।

इससे पहले चिराग की पार्टी द्वारा जेडीयू के खाते वाली दो सीटों पर प्रत्याशी देने की खबर आई थी। वहीं, चिराग के इस कदम से नाराज हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) के मुखिया जीतन राम मांझी ने भी लोजपा (आर) के विरुद्ध दो प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया था।

JDU की पहली लिस्ट में 18 विधायकों को रिपीट किया गया है। 2 विधायकों का टिकट कटा है। सकरा से आदित्य कुमार और बरबीघा से सुदर्शन कुमार का टिकट कटा है। इस लिस्ट में JDU ने 3 बाहुबलियों को टिकट दिया है। मोकामा से अनंत सिंह, एकमा से धुमल सिंह, कुचाएकोट से अमरेंद्र पांडेय को पार्टी ने मैदान में उतारा है।

नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के लिए अपनी सिटिंग सीट छोड़ दी है। पिछली बार तारापुर जेडीयू के खाते में थी। इस बार यहां से बीजेपी कोटे से डिप्टी CM सम्राट चौधरी चुनाव लड़ेंगे। वहीं परबत्ता सीट भी JDU ने गठबंधन के लिए छोड़ी है। 2020 में परबत्ता जदयू के खाते में थी। 2020 में सबसे कम 12 वोटों से चुनाव जीते कृष्ण मुरारी शरण ऊर्फ प्रेम मुखिया को फिर से हिलसा से टिकट दिया गया है।

2025 के विधानसभा चुनाव में JDU 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में पहले फेज के लिए 6 नवंबर को 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। वहीं, दूसरे फेज का चुनाव 11 नवंबर को तय है। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।