ट्रांसफर के लिए संपर्क ना करें, उज्जैन से सांसद अनिल फिरोजिया ने अपने ऑफिस के बाहर लगाया बोर्ड

सामान्य प्रशासन विभाग ने ट्रांसफर पॉलिसी-2025 जारी कर दी है। इसके अनुसार, अब विभाग 30 मई तक अपने कर्मचारियों का ट्रांसफर कर सकेंगे।

Updated: May 18, 2025, 12:47 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश में तबादला नीति लागू होने के बाद जन प्रतिनिधियों के यहां अनुशंसा पत्र बनवाने वालों की भीड़ लगना शुरू हो गई है। इसी के चलते उज्जैन-आलोट लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने अपने कार्यालय के बाहर एक बोर्ड चस्पा कर दिया है। जिस पर लिखा है ट्रांसफर के लिए संपर्क नहीं करे। साथ ही सांसद कार्यालय पर शस्त्र लाइसेंस के लिए संपर्क नहीं करने का बोर्ड भी चस्पा किया गया है।

दरअसल, कर्मचारियों के तबादलों को लेकर नई पॉलिसी आ गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने ट्रांसफर पॉलिसी-2025 जारी कर दी है। इसके अनुसार, अब विभाग 30 मई तक अपने कर्मचारियों का ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके बाद सामान्य तौर पर ट्रांसफर नहीं होंगे। विशेष परिस्थितियों में ही तबादले हो सकेंगे। 

ट्रांसफर नीति लागू होने के बाद अब बड़ी संख्या में लोग ट्रांसफर करवाने के लिए रोजाना लोग सांसद अनिल फिरोजिया के कार्यालय में अनुशंसा पत्र बनवाने के लिए पहुंच रहे हैं। सांसद अनिल फिरोजिया ने अपने सेठी नगर स्थित कार्यालय में 2 बोर्ड लगा रहे हैं। इनमें एक तो तब से है जब वे विधायक थे। 

बाद में सांसद बने तब भी उन्होंने वह बोर्ड वैसे ही लगाए रखा। जिसमें लिखा था कि 'कृपया शस्त्र लायसेंस के लिए संपर्क न करें।' इसके बाद अब सांसद ने दूसरा बोर्ड लगाया है। जिसमें उन्होंने अपने कार्यालय पहुंचने वाले लोगों से कहा है कि 'कृपया स्थानांतरण के लिए संपर्क न करें।'