अब वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ के खिलाफ FIR
यूट्यूब चैनल पर विनोद दुआ के शो पर आपत्ति। भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली क्राइम ब्रांच में दर्ज करवाई शिकायत

देश के जाने माने और चर्चित पत्रकार विनोद दुआ के खिलाफ भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली की क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज करवाई है। भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार ने एचडब्ल्यू न्यूज़ के यूट्यूब चैनल पर विनोद दुआ के शो में गलत जानकारीऔर झूठ प्रसारित करने के आरोप लगाए हैं।
कुछ समय से एक के बाद एक देश के जाने माने सामाजिक कार्यकर्ताओं और सरकार के खिलाफ मुखर हुए लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। मानवाधिकार कार्यकर्ता आकार पटेल के खिलाफ एक ट्वीट करने पर बेंगलुरु के पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इससे पहले द वायर के संपादक और देश के वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करने को लेकर उत्तर प्रदेश में मुकदमा दर्ज किया गया था। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ को कमज़ोर करने की इसी कड़ी में विनोद दुआ के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। इस एफआईआर का देशभर में विरोध हो रहा है। वहीं अपनी प्रतिक्रिया में विनोद दुआ का कहना है कि वे इस बारे में कानूनी मदद लेंगे।
विनोद दुआ पर लगाई गईं धाराएं
भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार ने विनोद दुआ के खिलाफ पांच पन्नों की एफआईआर दर्ज कराई है। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने विनोद दुआ के खिलाफ आईपीसी की धारा 290, 505 और 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। द वायर के मुताबिक पुलिस ने अब तक विनोद दुआ से संपर्क नहीं किया है। पुलिस जब संपर्क करेगी तब ही वे इस मामले में आगे कुछ निर्णय लेंगे।
भाजपा प्रवक्ता के दावों में कितनी सच्चाई?
भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार ने पांच पन्नों की अपनी शिकायत में कहा है कि विनोद दुआ अपनी रिपोर्टिंग या एंकरिंग के ज़रिए 'सोशल फैब्रिक' को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। स्वराज एक्सप्रेस न्यूज चैनल के प्रधान संपादक गुरदीप सिंह सप्पल ने भी एफआईआर में लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने विनोद दुआ के तमाम शो और आरोपों की तुलना कर आरोपों को आधारहीन कहा है।
क्या है एफआईआर में?
एफआईआर में भाजपा प्रवक्ता नवीन कुमार ने विनोद दुआ पर 'एचडब्ल्यू न्यूज़' के यूट्यूब चैनल पर तथ्यहीन, आधारहीन व झूठी खबरों को प्रसारित करने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि विनोद दुआ ने अपनी तथ्यहीन व झूठी खबरों के ज़रिए देश व समाज के 'सोशल फैब्रिक' यानि सामाजिक ताने बाने को तोड़ना का काम किया है।
वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ पर आरोप है कि -
- विनोद दुआ ने प्रधानमंत्री को काग़ज़ी शेर बताया है।
- विनोद दुआ ने कहा है कि व्यापमं घोटाला भाजपा के शासन काल में हुआ।
- विनोद दुआ ने कहा कि सिंधिया ने बीजेपी ज्वाइन की है।
- विनोद दुआ ने कहा कि कोरोना, बेरोज़गारी और अर्थव्यवस्था प्राथमिक मुद्दे नहीं है बल्कि समाज का विभाजन असल मु्द्दा है।
- विनोद दुआ ने कहा कि दिल्ली हिंसा को जानबूझ कर रोका नहीं गया। कपिल को डीसीपी के सामने भड़काऊ भाषा बोलने से क्यों नहीं रोका गया?
भाजपा के नेताओं से सलाम मशविरा कर लेना चाहिए था
स्वराज एक्सप्रेस न्यूज चैनल के प्रधान संपादक गुरदीप सिंह सप्पल ने तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा प्रवक्ता को एफआईआर दर्ज करवाने से पहले भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से सलाम मशविरा कर लेना चाहिए था क्योंकि अगर भाजपा प्रवक्ता ने ऐसा किया होता तो उनको एफआईआर न करने की हिदायत दी जाती। दरअसल, भाजपा प्रवक्ता ने एफआईआर जिन आधार पर दर्ज कराई है, वे सब दुआ पर लगाए गए आरोप से ज़्यादा भाजपा की नीतियों पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।
FIR against @VinodDua7 It’s for his show on YouTube. But I think the BJP person who has filed complaint didn’t consult BJP’s top leaders, else they would have advised him not to do our.
— Gurdeep Singh Sappal (@gurdeepsappal) June 5, 2020
Why?
Because complainant has following charges:
*VD said that Scindia joins BJP
1/n
कौन हैं नवीन कुमार
नवीन कुमार भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता हैं। इससे पहले नवीन कुमार पेशे से पत्रकार हुआ करते थे। वे ज़ी न्यूज़ जैसे मीडिया संस्थान में काम कर चुके हैं।