अमेरिका के इतिहास में पहली बार पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ आपराधिक मुकदमा, पोर्न स्टार को भुगतान मामले में फंसे ट्रंप

अमेरिका में 2024 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। ट्रंप चुनाव में उतरने की घोषणा पिछले साल ही कर चुके हैं।

Updated: Mar 31, 2023, 03:56 PM IST

वॉशिंगटन। अमेरिका के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब किसी पूर्व राष्ट्रपति पर आपराधिक मुकदमा चलेगा। अमेरिका के मैनहेटन में ग्रैंड जूरी ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके 2016 के चुनाव अभियान के दौरान एक पोर्न स्टार को चुप रहने के एवज में पैसे देने के लिए दोषी ठहराया है। जूरी ने ट्रंप के विरुद्ध आपराधिक आरोप तय करने के पक्ष में वोट किया है। इसके बाद ट्रंप आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए।

डोनाल्ड ट्रंप आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं। इस मामले में डोनाल्ड ट्रंप को अदालत में सरेंडर करना पड़ सकता है। अगर ट्रंप सरेंडर नहीं करते तो उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। यह मामला ट्रंप के भविष्य को तय करेगा। डोनाल्ड ट्रंप अगला राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। 76 वर्षीय ट्रंप ने सभी आरोपों से इनकार किया है। ट्रंप ने मामले को राजनीतिक उत्पीड़न करार दिया है। 

ट्रंप ने एक बयान में कहा, "यह इतिहास में उच्चतम स्तर पर राजनीतिक उत्पीड़न और चुनावी हस्तक्षेप है।" उन्होंने कहा, "संयुक्त राज्य अमेरिका के आपके राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से पहले ही इस देश के मेहनती पुरुषों और महिलाओं के दुश्मन रेडिकल लेफ्ट डेमोक्रेट्स एक विच-हंट में लगे हुए हैं। सच यह है कि वे मेरे खिलाफ नहीं, आपके खिलाफ हैं। अमेरिका की जनता सब समझती है कट्टरपंथी और वामपंथी डेमोक्रेट क्या कर रहे हैं। हर कोई इसे देख रहा है।"

ग्रैंड ज्यूरी के आरोपी ठहराने के कुछ ही मिनटों के भीतर जारी बयान में, ट्रंप ने बदला लेने की कसम खाई। ट्रंप ने कहा, "डेमोक्रेट्स ने झूठ बोला, धोखा दिया। एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को दंडित करने के लिए हमारी न्याय प्रणाली को हथियार बनाया। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है। कभी भी नहीं। मुझे विश्वास है कि यह विच-हंट जो बाइडेन पर बड़े पैमाने पर उल्टा पड़ेगा।" वहीं, पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के वकील ने मामले पर कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आरोप ठहराया जाना दर्शाता है कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

दरअसल, एडल्ट फिल्मों की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल का कहना है कि ट्रंप के उनके साथ रिश्ते थे। स्टॉर्मी डेनियल ने दावा किया था कि ट्रंप और उनके बीच एक बार शारीरिक संबंध बने थे और लंबे समय तक दोनों के बीच रिश्ता भी रहा। लेकिन उन्होंने अपने वकील के जरिए दोनों के बीच प्रेम-संबंध होने की बात को नकार दिया था। डोनाल्ड ट्रंप के निजी वकील ने एडल्ट स्टार स्टॉर्मी डेनियल को अपने और ट्रंप के साथ शारीरिक संबंधों के बारे में चुप रहने के लिए 1 लाख 3000 डॉलर यानी करीब 80 लाख रुपये दिए थे।