मॉस्को में हुए हमले में अब तक 70 की मौत, 150 से अधिक लोग घायल, इस्लामिक स्टेट ने ली हमले की जिम्मेदारी

हमले के चलते वीकेंड पर रूस में होने वाले तमाम कार्यक्रमों को कैंसल कर दिया गया है। इसमें होली के कार्यक्रम भी शामिल हैं।

Updated: Mar 23, 2024, 05:21 PM IST

​​​​​​रूस की राजधानी मॉस्को में क्रोकस सिटी हॉल पर हुए आतंकी हमले में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है। वहीं, आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 150 से ज्यादा लोग घायल भी हैं।

हमला शुक्रवार रात (22 मार्च) को हुआ। इस कायराना हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है। सेना जैसी वर्दी पहने 5 आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं और बम फेंके। मीडिया रिपोर्ट्स में 5 में से एक हमलावर को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

और पढ़ें:विपक्ष को अनैतिक हथकंडे अपनाकर समाप्त करना चाहती है केंद्र सरकार, कमलनाथ ने भाजपा पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'हम मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत, रूस की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।'

फिलहाल मॉस्को एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है और ट्रेनों की आवाजाही भी रोक दी गई है। वहीं लोगों को मॉस्को में सार्वजनिक जगहों पर एकत्र होने से भी मना कर दिया गया है।

रिपार्ट्स के अनुसार, कुछ दिनों पहले ही अमेरिका ने आतंकी हमले को लेकर अलर्ट जारी किया था। उसने अपने नागरिकों को मॉस्को में सामूहिक समारोहों में न जाने का सुझाव दिया था।

इस आतंकी हमले को लेकर अमेरिका ने एक बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि मॉस्को में हुए भयानक आतंकी हमले में यूक्रेन की भूमिका के कोई प्रारंभिक संकेत नहीं मिले हैं।