कुवैत के पावर प्लांट पर ईरान का हमला, एक भारतीय नागरिक की हुई मौत
ईरान ने कुवैत के पावरप्लांट पर भीषण मिसाइल हमला किया है। रविवार शाम हुए इस अटैक में एक भारतीय कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई।
ईरान ने कुवैत में रविवार 29 मार्च की शाम एक बिजली और जल पावरप्लांट पर हमला कर दिया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि, परिसर में स्थित एक सेवा भवन को भारी नुकसान पहुंचा। कुवैत के बिजली, जल और ऊर्जा मंत्रालय ने सोमवार तड़के इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे ईरान की आक्रामक कार्रवाई बताया है।
मंत्रालय की प्रवक्ता इंजीनियर फातिमा अब्बास जौहर हयात के अनुसार, यह हमला पावरप्लांट के अंदर स्थित सर्विस बिल्डिंग पर किया गया था। जिसकी वजह से वहां मौजूद कर्मचारी की जान चली गई। हालांकि, मृतक की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। घटना के तुरंत बाद आपातकालीन और तकनीकी टीमों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करने और नुकसान का आकलन करने का काम शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें:फ्यूल सप्लाई बनाए रखने के लिए केंद्र का बड़ा फैसला, अब पेट्रोल पंपों पर भी मिलेगा केरोसिन
कुवैत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे देश के खिलाफ ईरानी आक्रामकता का हिस्सा बताया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि बिजली और पानी की आपूर्ति को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए टीम चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। साथ ही नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।
इस बीच कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने खुलासा किया कि पिछले एक महीने से जारी संघर्ष के दौरान देश पर अब तक 307 बैलिस्टिक मिसाइलें, दो क्रूज मिसाइलें और 616 ड्रोन दागे जा चुके हैं। केवल पिछले 24 घंटों में ही 14 बैलिस्टिक मिसाइलों और 12 ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट किया गया है। कुछ हमलों में कुवैती सशस्त्र बलों के एक ठिकाने को भी निशाना बनाया गया है। इसमें 10 सैनिक घायल हुए और सैन्य ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें:डिंडौरी: शौचालय में बन रहा था मिड डे मील, 4 महीने बाद हुआ खुलसा, 2 अधिकारी सस्पेंड
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर है। करीब पांच सप्ताह पहले शुरू हुए इस संघर्ष के बाद ईरान ने क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए लगातार मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।
इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में भी एक बैलिस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट किए जाने के बाद गिरे मलबे से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी। जबकि, पांच अन्य भारतीय घायल हुए थे। ताजा घटना के बाद मिडिल ईस्ट संघर्ष में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। जबकि, एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:बालाघाट में चलती कार में लगी आग, तीन लोग जिंदा जले, दो की हालत गंभीर




