हमीदिया अस्पताल में 400 कर्मचारियों की होगी छंटनी, कर्मचारी संघ 13 जनवरी को करेगा हड़ताल

हमीदिया अस्पताल के मैनेजमेंट ने 400 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं 50 से ज्यादा कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के पत्र दिए जा चुके है।

Updated: Jan 12, 2025, 01:58 PM IST

Photo Courtesy: DB
Photo Courtesy: DB

भोपाल| हमीदिया अस्पताल के मैनेजमेंट ने 400 कर्मचारियों को निकालने की तैयारी शुरू कर दी है। इस बीच 50 से अधिक कर्मचारियों को इस महीने की 20 तारीख तक सेवा समाप्ति के पत्र दिए जा चुके हैं। इनमें वार्ड बॉय, लैब टेक्नीशियन और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये वे कर्मचारी हो सकते हैं, जिनकी भर्ती कोविड के दौरान हुई थी।

दरअसल अस्पताल में रोजाना 2500 से अधिक मरीज ओपीडी में आते हैं और 60 से ज्यादा ऑपरेशन होते हैं। डीन कविता एन सिंह ने पहले कहा था कि शासन से स्वीकृत पदों के मुकाबले अस्पताल में 400 कर्मचारी अधिक हैं। इसी आधार पर कर्मचारियों की छंटनी का निर्णय लिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: पूर्व BJP विधायक के घर से दो मगरमच्छ रेस्क्यू, वन विभाग को तीन और के होने की आशंका

वहीं, आउटसोर्स कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सागर ने बताया कि 13 जनवरी को हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के पत्र मिल चुके हैं, जबकि कंपनी की ओर से अब तक बकाया सैलरी नहीं दी गई है। गांधी मेडिकल कॉलेज ने हाल ही में एजाइल कंपनी को ढाई करोड़ रुपए का भुगतान किया है, लेकिन अभी भी 12 करोड़ रुपए बकाया हैं।

अस्पताल में कुल 1800 से अधिक प्राइवेट कर्मचारी हैं, जिनमें से 1100 को मैनेजमेंट और 700 को एजाइल कंपनी के जरिए सैलरी दी जाती है। कर्मचारियों ने पहले भी हड़ताल और शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।