पूर्व BJP विधायक के घर से दो मगरमच्छ रेस्क्यू, वन विभाग को तीन और के होने की आशंका
वन विभाग तालाब का पानी निकालकर करेगी अन्य मगरमच्छों की तलाश, नौरादेही टाइगर रिजर्व की बामनेर नदी में छोड़े गए हैं दो मगरमच्छ
सागर। मध्य प्रदेश के सागर में भाजपा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के घर से शुक्रवार को दो मगरमच्छों का रेस्क्यू किया गया। मेडिकल जांच के बाद दोनों मगरमच्छों को शुक्रवार रात करीब 11 बजे नौरादेही टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली बामनेर नदी में छोड़ा गया। पूर्व विधायक के आवास परिसर में बने मंदिर के पास तालाबनुमा कुंड में तीन और मगरमच्छों के होने का अनुमान है।
रेस्क्यू टीम ने तालाब में जाल बिछा दिया है। इसके लिए आज मोटर लगाकर तालाब का पानी निकाला जाएगा और वहां मौजूद सभी मगरमच्छों को रेस्क्यू कर टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा। सागर के मुख्य वन संरक्षक अनिल सिंह ने बताया कि पूर्व विधायक के निवास पर बने तलाब में तीन और मगरमच्छ होने का अनुमान है। रेस्क्यू टीम ने तालाब में जाल बिछा दिया है। शनिवार को मोटर लगाकर तालाब का पानी निकाल जाएगा और वहां मौजूद सभी मगरमच्छ को रेस्क्यू कर टाइगर रिजर्व भेजा जाएगा।
अनिल सिंह ने बताया कि सभी वन्यजीव के रेस्क्यू होने के बाद संबंधित के खिलाफ वन्यप्राणी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। बता दें कि सागर में बीते दिनों बीड़ी और कंस्ट्रक्शन कारोबारी राजेश केशरवानी और पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर के ठिकानों पर की गई छापेमारी में आयकर विभाग ने करीब 150 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ गई है। टीम को फर्म में साझेदारी करने वाले राठौर के भाई और परिजन के यहां से बड़ी मात्रा में सोना और कैश मिला था।
छापे के दौरान पूर्व विधायक के घर पर जिंदा मगरमच्छ भी मिले। तालाब में मगरमच्छ देख IT अफसर भी डर गए। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। फिलहाल ये पता नहीं चल सका है कि आरोपी भाजपा विधायक द्वारा किस उद्देश्य से घर में मगरमच्छ पाला गया था।
हरवंश सिंह राठौर सागर में भाजपा जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल थे। उनका नाम सबसे आगे बताया जा रहा था। हरवंश पहले दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसलिए उन्हें पार्टी की ओर से जिलाध्यक्ष बनाए जाने की पूरी संभावना थी। उनके पिता हरनाम सिंह राठौर उमा भारती सरकार में जेल मंत्री रह चुके हैं। बहरहाल, छापेमारी के बाद अब माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें जिलाध्यक्ष नहीं बनाएगी।