भोपाल AIIMS के सामने निर्माणाधीन इमारत का छज्जा गिरा, हादसे में 8 लोग घायल
भोपाल में AIIMS अस्पताल के सामने शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन इमारत का छज्जा अचानक गिर गया। इसकी चपेट में आकर 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए
भोपाल। राजधानी भोपाल के साकेत नगर इलाके में स्थित एम्स अस्पताल के ठीक सामने शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। वहां एक निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना में वहां मौजूद करीब आठ लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। जहां उन पांच लोगों का इलाज जारी है जबकि तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा सडाना मेडिकल स्टोर की उस इमारत में हुआ। जहां नीचे मेडिकल स्टोर संचालित हो रहा था और ऊपर की मंजिलों का निर्माण कार्य चल रहा था। घटना के समय एम्स में इलाज के लिए आए मरीज और उनके परिजन दवाई लेने मेडिकल स्टोर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक छज्जे का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। छज्जा काफी बाहर की ओर निकला हुआ था और उसके गिरने से नीचे बना शेड भी ढह गया। जिसकी वजह से वहां खड़े लोग सीधे इसकी चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
घायलों में करेली निवासी 23 वर्षीय नंदिनी की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। उनके पैर में लोहे का एंगल घुस गया था। जबकि, सिर और हाथ में भी गहरी चोटें आई थी। उन्हें एम्स के ट्रॉमा ब्लॉक के रेड ट्रायज में भर्ती किया गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। नंदिनी ओपीडी में जांच कराने के बाद दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंची थी तभी वह हादसे का शिकार हो गई।
अन्य घायलों में अमरई निवासी मनोज कुमार (56), करेली की तनुश्री (19), ग्वालियर निवासी अभय और उमरिया के सोमप्रकाश सिंह (61) शामिल हैं। इनमें से कुछ को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट आई हैं। जबकि, अभय के सीने और कंधे पर लोहे का एंगल गिरने से चोट आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
यह भी पढ़ें:पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर करने की कवायद, केंद्र ने 10 रुपए घटाई एक्साइज ड्यूटी
इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इमारत का कुछ हिस्सा अवैध रूप से बनाया जा रहा था और निर्माण कार्य में लापरवाही बरती जा रही थी। बताया जा रहा है कि यह भवन करीब 35 साल पुराना है जिस पर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया जा रहा था।




