वृंदावन में बड़ा हादसा: यमुना में पलटा 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर, 10 की मौत
मथुरा के वृंदावन में शुक्रवार को यमुना नदी में तेज आंधी के कारण 30 पर्यटकों से भरा स्टीमर पीपा पुल से टकराकर पलट गया। पंजाब से आए 10 श्रद्धालुओं की डूबने से मौत हो गई।
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां करीब 30 पर्यटकों को लेकर जा रहा स्टीमर अचानक नदी में पलट गया। इस दुर्घटना में अब तक 10 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। इनमें 6 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। हादसा दोपहर करीब 3 बजे श्री बांके बिहारी मंदिर से लगभग ढाई किलोमीटर दूर स्थित केसी घाट के पास हुआ था।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्टीमर में सवार सभी पर्यटक पंजाब के लुधियाना जिले के जगराओं क्षेत्र से वृंदावन घूमने आए थे। ये लोग बांके बिहारी क्लब के सदस्य बताए जा रहे हैं। बीते 9 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे अपने शहर से यात्रा पर निकले थे। हादसे के समय वे यमुना नदी में स्टीमर के जरिए भ्रमण कर रहे थे।
यह भी पढ़ें:MP: उमरिया में बाघिन का शिकार, शिकारियों ने करंट लगाकर मारा, पांच गिरफ्तार
प्रत्यक्षदर्शी पर्यटक मनोहर लाल ने बताया कि हादसे के वक्त मौसम अचानक खराब हो गया था और तेज हवाएं चलने लगी थी। नदी के बीच पहुंचते ही स्टीमर असंतुलित होकर डगमगाने लगा था। हवा की रफ्तार बढ़ने से स्टीमर की गति भी तेज हो गई और वह पास बने पीपा पुल से टकरा गया। जिसके बाद स्टीमर पलट गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, उस समय इलाके में करीब 31 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय स्तर पर करीब 50 गोताखोरों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। जबकि, गाजियाबाद से NDRF टीम को भी बुलाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना से भी मदद मांगी गई। घायलों को तुरंत रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका निशुल्क इलाज किया जा रहा है। जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।
इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने तथा घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन की टीमें लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।




