पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करें, सोना न खरीदें, PM मोदी की देशवासियों से अपील

दुनियाभर में जारी पेट्रोल-डीजल संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए पेट्रोल-डीजल बचाने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कोविड के समय जो व्यवस्थाएं अपनाई थीं, फिर से उन्हें अपनाने का समय आ गया है।

Updated: May 11, 2026, 12:44 AM IST

हैदराबाद। पश्चिम एशिया में जारी संकट और वैश्विक अनिश्चितता के माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए पेट्रोल और डीजल बचाने को कहा है। पीएम मोदी ने कहा कि हमने कोविड के समय कई सारी व्यवस्थाएं बना ली थीं और अब समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से शुरू करें।

पीएम ने हैदराबाद में भाजपा की रैली में कहा- भारत पर इस वैश्विक संकट का असर ज्यादा है, हमारे पास तेल के बड़े कुएं नहीं हैं। आज हमें वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की जरूरत है। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग मेट्रो का इस्तेमाल करें। उन्होंने कहा कि पहले जब युद्ध होता था लोग सोना दान में दे देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है लेकिन हमें आज ये संकल्प लेना होगा कि अगले 1 साल तक कोई भी कार्यक्रम हो, सोना न खरीदें। इससे विदेशी मुद्रा भी बचेगी।

पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक वाहन उपयोग कम करें, मेट्रो में सफर और कारपूलिंग करें। ज्यादा से ज्यादा लोगों को उसमें बिठाकर ले जाएं। उन्होंने खाद्य तेल की खपत कम करने पर जोर देते हुए कहा कि हर परिवार अगर खाने के तेल का इस्तेमाल थोड़ा कम करे, तो इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी।

पीएम मोदी ने लोगों से कम से कम एक साल के फॉरेन टूर न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'आजकल, मध्यम वर्ग के बीच डेस्टिनेशन वेडिंग, विदेश यात्रा और विदेशों में छुट्टियां मनाने का चलन बढ़ रहा है। ऐसे समय में, जब देश एक संकट का सामना कर रहा है और हमारी देशभक्ति हमें पुकार रही है, हमें कम से कम एक साल के लिए विदेश यात्रा टालने का फैसला करना चाहिए। भारत के भीतर ही कई खूबसूरत जगहें हैं जहां कोई भी घूमने जा सकता है।'