प्रदेश में मचा है हाहाकार, मामा खा गए रोजगार, भोपाल में सड़क पर उतरे चयनित शिक्षक

चयनित शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार के श्यामला हिल्स स्थित बंगले के बाहर किया प्रदर्शन, शीघ्र अति शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग

Updated: May 18, 2023, 07:43 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार चौतरफा विरोध झेल रही है। प्रदेश के डॉक्टर, टीचर, नर्स और बेरोजगार युवक सड़कों पर हैं। चयनित शिक्षकों ने भी राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। गुरुवार को राजधानी भोपाल में चयनित शिक्षकों का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान चयनित शिक्षक "प्रदेश में मचा है हाहाकार, मामा खा गए रोजगार" के नारे लगाते दिखे।

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खाली वर्ग-1 और 2 के 13 हजार से ज्यादा पदों में जल्द भर्ती करने की मांग को लेकर गुरुवार को तपती दोपहर में चयनित शिक्षक सड़क पर उतर गए। शिक्षक भर्ती-2018 में उत्तीर्ण अभ्यार्थी संघ ने यह प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार के श्यामला हिल्स स्थित बंगले पर पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्री परमार को ज्ञापन सौंपा।

पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी संघ के संयोजक श्यामलाल रविदास ने बताया कि वर्ग एक, दो और तीन की पदों में वृद्धि की मांग को लेकर आए हैं। इसके अलावा स्थाई शिक्षक भर्ती को शीघ्र अति शीघ्र करने की मांग भी है। इन पदों में भर्ती करीब 11 वर्ष के बाद हो रही। मांग है कि इन पदों में वृद्धि की जाए। वर्ग-1 और 2 में 13 हजार और कुल 51 हजार पदों की भर्ती की जाए। हम आयु सीमा को पार कर रहे हैं, अब हमारे पास नई वैकेंसी भरने का समय नहीं है।

ये है प्रमुख मांगें

* माध्यमिक शिक्षक भर्ती के उपेक्षित विषयों जैसे हिंदी, उर्दू, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं संस्कृत आदि के पदों में वृद्धि की जाए।
* उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के हिंदी, उर्दू, संस्कृत, इतिहास, भूगोल,कृषि, समाज शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान एवं कॉमर्स आदि के पदों में वृद्धि की जाए।
* माध्यमिक शिक्षक भर्ती के अंतर्गत सभी वर्गों के कुल शेष रहें 2237 पदों पर चयन सूची जारी की जाए।
* उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती के अंतर्गत सभी वर्गों के कुल शेष 6530 पदों पर चयन सूची जारी की जाए।
* नामों की पुनरावृत्ति पर पूर्णतः रोक लगाते हुए अन्य शेष अभ्यर्थियों को चयन सूची में सम्मिलित किया जाए।
* आगामी चयन भर्ती प्रक्रिया से पहले 2018 की शिक्षक भर्ती को ही पद वृद्धि के साथ तृतीय काउंसलिंग करते हुए पूर्ण किया जाए।