BJP पार्षद के पति ने हड़पी सरकारी जमीन, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने पत्र में लिखा है कि जनता के मन में यह प्रश्न उठ रहा है क्या आपकी पार्टी के नेताओं द्वारा शासकीय भूमि पर किया गया अवैध कब्जा भू-माफिया की श्रेणी में नही आता है?

Updated: Jul 28, 2023, 01:19 PM IST

भोपाल। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा शासकीय जमीनों पर अवैध कब्जा का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं। इसी क्रम में सिंह ने अब राजधानी भोपाल में BJP पार्षद के पति द्वारा सरकारी जमीन हड़पने का मामला उठाया है। सिंह ने सीएम चौहान को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग भी की है।

सीएम शिवराज ने संबोधित पत्र में दिग्विजय सिंह लिखते हैं कि, 'मुझसे सामान्य भेंट के दौरान भोपाल जिले के स्थानीय निवासियों द्वारा बताया गया है कि दिनांक 18.12.2022 को डॉ.!अम्बेडकर वार्ड, वार्ड क्र. 26 में एक भूमिपूजन के समारोह में आपके द्वारा नीलबढ़ से लेकर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में 23 हजार एकड़ की शासकीय भूमि को भू-माफियाओं से कब्जा मुक्त कराने की बात कहीं गई थी, उक्त कार्यक्रम में ही मंच पर आसीन भारतीय जनता पार्टी के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण द्वारा भोपाल के नीलबढ़ क्षेत्र में करोड़ों रूपये की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया हुआ है।' 

सिंह ने आगे लिखा, 'जनता के मन में यह प्रश्न उठ रहा है क्या आपकी पार्टी के नेताओं द्वारा शासकीय भूमि पर किया गया अवैध कब्जा भू-माफिया की श्रेणी में नही आता है? स्थानीय रहवासियों ने बताया है कि भारतीय जनता पार्टी के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण एवं इनके परिवार द्वारा लगभग 150 करोड़ रूपये की शासकीय भूमि खसरा क्र. 150 जो कि शासन द्वारा गोहा एवं खसरा क्र. 141 चारागाह के नाम पर राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। मारण एवं इनके परिजनों द्वारा राजनैतिक संरक्षण के कारण उक्त भूमि पर दुकाने, पेट्रोल पंप एवं मार्केट आदि बनाकर कब्जा किया गया है।'

सिंह ने आगे लिखा, 'स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर झूठे मुख्यमंत्री वास्तव में माफिया मुक्त प्रदेश चाहते तो अपनी पार्टी के इस भू-माफिया पर भी कार्रवाई करें अन्यथा आपकी कथनी और करनी में जनता को अंतर नजर आयेगा। इसलिए भाजपा पोषित भू-माफिया भोपाल जिले के वार्ड क्र. 84 के पार्षद पति वीरेन्द्र सिंह मारण एवं इनके परिजनों द्वारा अवैध कब्जा की गई शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराने तथा दोषियों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करने हेतु संबंधित को समुचित निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें।'