भाजपा विधायक ने खोला बजरंग दल के विरुद्ध मोर्चा, अजय विश्नोई बोले- बजरंग दल का कृत्य गलत

गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जबलपुर में जिला कांग्रेस कार्यालय में घुसकर काफी उत्पात मचाया और जमकर तोड़फोड की। इस घटना को लेकर बजरंग दल की चौतरफा आलोचना हो रही है।

Updated: May 06, 2023, 05:42 PM IST

जबलपुर। कर्नाटक कांग्रेस की घोषणापत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात सामने आने के बाद एमपी में बजरंग दल कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जबलपुर में जिला कांग्रेस कार्यालय में घुसकर काफी उत्पात मचाया और जमकर तोड़फोड की। इस घटना को लेकर बजरंग दल की चौतरफा आलोचना हो रही है। भाजपा के सीनियर विधायक अजय विश्नोई ने भी बजरंग दल के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है।

पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने कहा, 'बजरंग दल ने जो भी कृत्य किया है। वह गलत किया है। उन्हें ऐसा बिल्कुल ही नहीं करना था।' विश्नोई इस दौरान राज्य सरकार का बचाव करते भी नजर आए। दरअसल, कांग्रेस का आरोप है कि सत्ता के संरक्षण में पुलिस ने एक्शन नहीं लिया है। इसपर पूर्व मंत्री विश्नोई ने कहा यह बात सत्य है कि पुलिस विलंब से जरूर पहुंची थी। लेकिन कांग्रेस का यह आरोप गलत है कि पुलिस ने कोई भी कार्रवाई नहीं की हैं।

विश्नोई ने दावा किया कि इस मामले में पुलिस के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अबतक बजरंग दल के 13 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया जा चुका है। वहीं बाकी अन्य कार्यकर्ताओं को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यदि पुलिस को सत्ता का संरक्षण होता, तब पुलिस कार्रवाई नहीं करती। विश्नोई भाजपा के पहले ऐसे नेता हैं जिन्होंने बजरंग दल के गुंडागर्दी की निंदा की है। इसके पहले प्रदेश के सभी नेता बजरंग दल को डिफेंड करते दिखे।

दरअसल कर्नाटक में कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल को बैन करने की बात पर बजरंग दल के कार्यकर्ता गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। जबलपुर में गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के गेट का ताला तोड़कर जबरन तोड़फोड़ की थी। साथ ही कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी का पोस्टर भी फाड़ दिया था। इस पूरे मामले में पुलिस के रवैए पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, बजरंग दल कार्यकर्ता जब उत्पात मचा रहे थे तब पुलिस घाटनस्थल से नदारद रही।