दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा कल पहुंचेगी ओरछा, बॉलीवुड गायक शरद शर्मा देंगे भक्तिमय प्रस्तुति
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा मंगलवार को निवाड़ी जिले के विभिन्न गांवों से गुजरते हुए नैगुवा में रुकी। यात्रा 25 नवंबर शाम ओरछा पहुंचेगी। वहां भजन संध्या होगी।
ओरछा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा मंगलवार को निवाड़ी जिले में आगे बढ़ी। यात्रा की शुरुआत सुबह ग्राम सिमरा तालाब स्थित श्री हिंगलाज माता मंदिर से हुई। इसके बाद पदयात्रा सिमरा भाटा, धोर्रा मध्य, धोर्रा समाप्त, सुनराई और पपावनी गांव पहुंची। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया और इसमें सहभागिता की।
दोपहर में भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा ने पुनः अपना सफर शुरू किया। शाम को पदयात्रा पीआईएमएल लोहा फैक्ट्री, जयरामपुरा होते हुए ग्राम नैगुवा के स्टेडियम पहुंची। यहां आज की पदयात्रा का विश्राम हुआ। यात्रा 25 नवंबर की शाम ओरछा पहुंचेगी। यात्रा के ओरछा पहुंचने के अवसर पर बुधवार शाम आदित्य पैलेस में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक शरद शर्मा अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, 26 नवंबर को ओरछा के कंचना घाट पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण, शिवार्चन पूजन, कन्या भोज और भंडारे का आयोजन होगा।
यह भी पढ़ें:वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज डबल सेंचुरी ठोकी
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपराओं, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समन्वय और सामंजस्य ही सनातन का आधार है। पहले संपर्क, फिर संवाद, उसके बाद समन्वय और सामंजस्य तथा अंत में सकारात्मक सोच ही इस यात्रा का लक्ष्य है। सनातन केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता का मार्ग है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह किसी को तोड़ने या बांटने का नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और जोड़ने का संदेश देता है। सनातन परंपरा सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव की शिक्षा देती है। सनातन धर्म नफरत नहीं, प्रेम; विभाजन नहीं, एकता और भेदभाव नहीं, समभाव सिखाता है। यही सनातन की वास्तविक शक्ति और हमारा स्वाभिमान है।
यह भी पढ़ें:MP: शहडोल में शासकीय खरीद में भ्रष्टाचार, भोजन के ढाबे से खरीदी गई पूजा सामग्री
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। उज्जैन (शिवधाम) से अयोध्या (रामधाम) तक जारी इस पदयात्रा में वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दों पर जनजागरण के साथ सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।




