हमीदिया अस्पताल से फरार हुआ सेंट्रल जेल का कैदी, हत्या के मामले में कोर्ट ने सुनाई थी फांसी की सजा

भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल से हथकड़ी खोलकर कैदी फरार, दो जेल प्रहरी सस्पेंड, खोजबीन में जुटी कोहेफिजा पुलिस, राघौगढ़ का रहने वाला है आरोपी

Updated: Oct 14, 2023, 03:05 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सेंट्रल जेल का एक कैदी फिल्मी स्टाइल से अस्पताल से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि तबियत बिगड़ने के बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था।

अस्पताल से फरार होने वाले कैदी की पहचान रजत सैनी के रूप में हुई है। शनिवार सुबह हमीदिया अस्पताल लाया गया था। सैनी राघौगढ़ का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ खजूरी थाने में हत्या का एक मामला दर्ज किया गया था। उसने अपने दोस्त की हत्या कर उसका शव जला दिया था। 

इस जघन्य हत्याकांड मामले में कोर्ट ने उसे फांसी की सजा सुनाई थी। शुक्रवार रात सैनी की अचानक तबियत बिगड़ गई थी। शनिवार सुबह उसे हमीदिया अस्पताल भेजा गया। अस्पताल आने के बाद वह हथकड़ी खोलकर फरार हो गया।

कैदी के फरार होने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गई। कोहेफिजा पुलिस ने इस मामले में फरार कैदी के खिलाफ अभिरक्षा से भागने का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की भोपाल शहर में खोजबीन भी शुरू हो गई है। वहीं, इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में दो जेल प्रहरियों को सस्पेंड कर दिया गया है।