सीएम मोहन यादव चार दिवसीय यात्रा पर पहुंचे जापान, टोक्यो में हुआ गर्मजोशी से स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव 31 जनवरी तक जापान यात्रा पर हैं। सीएम उद्योगतियों और निवेशकों से संवाद करेंगे और उनको जीआईएस का आमंत्रण देंगे।

Updated: Jan 28, 2025, 02:26 PM IST

टोक्यो/भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चार दिवसीय जापान यात्रा पर मंगलवार को टोक्यो पहुंचे। यहां प्रवासी भारतीयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें तिलक लगाकर साफा बांधा, एनआरआई समुदाए ने उन्हें पारंपरिक तलवार भी भेंट की। भारतीय राजदूत से मुलाकात के बाद सीएम यादव उद्योगपतियों से मीटिंग करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 28 जनवरी को जापान की राजधानी टोक्यो में भारत के राजदूत सिबी जॉर्ज से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात इम्पीरियल होटल में हुई। इस मुलाकात के दौरान दोनों ने भारत-जापान के बीच मजबूत और ऐतिहासिक रिश्तों पर चर्चा की। सीएम यादव और जॉर्ज ने इस बात पर भी फोकस किया कि आगे इन रिश्तों को कैसे और प्रगाढ़ किया जाए, ताकि मध्य प्रदेश और जापान के बीच व्यापार-अर्थव्यवस्था का गठबंधन और मजबूत हो। 

यह भी पढे़ं: MP में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 42 IAS अफसरों का हुआ तबादला, 12 जिलों के कलेक्टर बदले

जानकारी के अनुसार सीएम मोहन यादव जापान के एडो गावा सिटी स्थित महात्मा गांधी पार्क भी जाएंगे। यहां वे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजली अर्पित करेंगे। उसके बाद वे भारतीय दूतावास में आयोजित रोड-शो 'सेलिब्रेटिंग इंडिया-जापान रिलेशनशिप : मध्यप्रदेश' में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव यहां निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। वे यहां उद्योगपतियों से वन-टू-वन मीटिंग करेंगे। वे जापान के प्रमुख उद्योगपतियों और संगठनों से मुलाकात करेंगे। और मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव दोपहर 3:30 बजे भारतीय राजदूत के निवास पर आयोजित भोज में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव इस दौरान टोक्यो के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा फ्रेंडस ऑफ एमपी के साथ चर्चा और लंच करेंगे। सीएम यादव कोब और ओसाका का दौरा भी करेंगे। वे कोब में 'सिस्मेक्स' कंपनी के अधिकारियों से मिलकर उनकी साइट का दौरा करेंगे। कोबे से ओसाका के लिए यात्रा के बाद वे 'पैनासोनिक एनर्जी' के अधिकारियों से चर्चा करेंगे।

सीएम ने कहा कि उनकी जापान यात्रा प्रदेश के विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित करने का मार्ग प्रशस्त करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 24-25 फरवरी को भोपाल में होने जा रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए जापान के उद्योग समूहों को नई तकनीक के साथ आमंत्रित करना उनकी जापान यात्रा का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, किसान और युवाओं सहित सभी वर्गों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर अभियान संचालित कर रही है।