Kamal Nath : किसानों की कर्ज़ माफी पर भ्रम ना फैलाएं शिवराज 

CM Shivraj Singh Chouhan से कमलनाथ ने पूछे चार सवाल

Publish: Jul 10, 2020, 05:23 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने शिवराज सिंह चौहान को किसानों की कर्ज़ माफी को लेकर भ्रम न फैलाने की सलाह दी है। कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर किसानों की कर्ज़ माफी पर कांग्रेस पर सवाल उठाने के लिए झूठ का सहारा लेने का आरोप लगाया है। 

 सरकार तीसरे चरण की ऋण माफ़ी कब शुरू करेगी 

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस द्वारा प्रदेश के किसानों की कर्ज़ माफी पर एक बार फिर अपना स्पष्टीकरण देते हुए कहा है कि प्रदेश के किसानों की कर्ज़ माफी की योजना पंच वर्षीय योजना थी। इसे अलग अलग चरणों में पूरा किया जाना था। इसके साथ ही कमल नाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सवला खड़ा करते हुए पूछा है कि किसानों की के तीसरे चरण की प्रक्रिया जो शुरू होने वाली थी वो कब शुरू करेंगे ? इसके साथ ही कमल नाथ ने कहा है कि किसानों के दूसरे चरण की ऋण माफ़ी की राशि आखिर कब तक किसानों के खातों में डाली जाएगी?

शिवराज को बिना झूठ बोले नींद नहीं आती 

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान को किसानों की ऋण माफ़ी पर घेरते हुए कहा है कि ' शिवराज सिंह चौहान जब तक दिन भर में 100 झूठ नहीं बोल लेते, तक तक उन्हें नींद नहीं आती है।' कमल नाथ ने कहा है कि कांग्रेस ने कभी किसानों को धोखा नहीं दिया है बल्कि शिवराज सिंह चौहान ने खुद किसानों के साथ विश्वासघात करने का काम किया है। कमल नाथ ने कहा है कि 2008 में बीजेपी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किसानों के 50 हज़ार का ऋण माफ करने का वादा किया था, जो कि महज़ एक चुनावी जुमला साबित हुआ। कमल नाथ ने कहा कि शिवराज सरकार सत्ता में आने के बाद अपने इस वादे से मुकर गई।

शिवराज ने सत्ता में रहते एक भी किसान का कर्ज़ माफ नहीं किया

कमल नाथ ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा किसानों के हितों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता से किया है।केन्द्र में जब मनमोहन सिंह जी की सरकार थी तब इतिहास की सबसे बड़ी कर्जमाफी हुई थी और देश के किसानों का 72 हजार करोड़ का कर्जमाफ किया गया था।अपने 15 साल के कार्यकाल में क्या शिवराज सिंह चौहान ने एक भी किसान का ऋण माफ किया ? ऋण के बोझ तले दबे किसानों का दर्द महसूस किया ?कांग्रेस ने किसानों के इस दर्द को न केवल महसूस किया बल्कि सत्ताा में आते ही 33 लाख किसानों की  ऋण माफी की प्रकिया प्रारंभ भी की और 20 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ भी किया।

कमल नाथ ने किसानों की कर्ज़ माफी का ब्योरा दिया 

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कांग्रेस द्वारा किसानों की कर्ज़ माफी का ब्योरा देते हुए बताया कि कांग्रेस ने किसानों की कर्ज़ माफी का जो अपना वचन पत्र बनाया था वो पांच सालों के लिए था। कमल नाथ ने कहा कि हम हम एक वचन को पूरा करने के लिए संकल्पित थे। तभी मैंने शपथ ग्रहण के दो घंटे बाद ही किसानों की कर्ज़ माफी की फाइल पर हस्ताक्षर कर ऋण माफी करने का फैसला किया था। कमल नाथ ने कहा कि पहले चरण में दो लाख तक के कालातीत ऋण और प्रदेश के 50 हज़ार  के चालू खातों का ऋण माफ किया, जिससे प्रदेश के 20 लाख़ 23 हज़ार किसानों को लाभ पहुंचा। तो वहीं कर्ज़ माफी के दूसरे चरण में एक लाख तक के चालू खाते की ऋण माफी को स्वीकृति प्रदान की गई। जिससे प्रदेश के 7 लाख किसानों को लाभ मिला। तो वहीं इसी चरण में 1 लाख 87 हज़ार किसानों के खाते में राशि अंतरण की स्वीकृति भी जारी की गई।

इसके साथ ही कमल नाथ ने बताया कि कांग्रेस 1 जून से एक से दो लाख तक के ऋण वाले किसानों का कर्ज़ माफ करने वाली थी। लेकिन खरीद फरोख्त कर अलोकतांत्रिक तरीके से, गद्दारों के साथ मिलकर कांग्रेस की सरकार गिरा कर 13 लाख किसानों तक पहुंचने वाला लाभ बीजेपी सरकार ने रोक दिया।

कमल नाथ के चार सवाल 

बीजेपी कांग्रेस पर किसानों की कर्ज़ माफी से मुंह मोड़ने का जो आरोप लगाते आ रही है उसका जवाब देते हुए  कमल नाथ ने शिवराज से चार सवाल पूछे हैं। कमल नाथ ने पूछा है कि  

  • द्वितीय चरण के 7 लाख किसानों की  ऋणमाफी की जो प्रक्रिया हमारी सरकार में प्रारंभ हुई थी उसे वे कब तक पूरा करेंगे ?
  • तीसरा चरण जो एक जून 2020 से प्रारंभ होना था, जिसमें 6 लाख किसानों का ऋण माफ होना था , वह कब से प्रारंभ होगा ?
  • वर्ष 2008 में 50 हजार तक का ऋण माफ करने  का वादा भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में किया था, क्या भाजपा ने आज तक एक भी किसान का ऋण माफ किया ?
  • मुख्यमंत्री  के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान शिवराज जी ने  21 हजार घोषणाएं की थीं , क्या उन्होंने देखा कि उनमें से कितनी घोषणाएं आज तक पूरी हुई ? वास्तविकता तो यह है कि वे घोषणाएं मंच से मंत्रालय तक भी नहीं पहुँची।