सनातन के मूल्यों और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प, सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में शामिल हुए पूर्व सपा सांसद चंद्रपाल यादव
दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा 29वें दिन ललितपुर पहुंची। पूर्व सांसद चंद्रपाल यादव शामिल हुए।
ललितपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा रविवार को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में आगे बढ़ी। यात्रा के 29वें दिन चंद्रापुर चौराहा स्थित सिद्धबाबा स्थान से सुबह पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व धर्मरथ में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार, पार्थिव शिवलिंग एवं पवित्र नदियों के जल से सुशोभित कलशों का विधि-विधान से पूजन, अभिषेक और आरती की गई। इसके बाद राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराकर ससम्मान सलामी अर्पित की गई। यात्रा में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं झांसी लोकसभा के पूर्व सांसद डॉ चंद्रपाल सिंह यादव भी शामिल रहे और उन्होंने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के साथ कदमताल किया।
रविवार सुबह शुरू हुई पदयात्रा सुनौरी, राधापुर जोड़, करैंगा जोड़, हिंगौरा और विजयपुरा ढाबा होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर में विजयपुरा ढाबा पर भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ हुई। इसके बाद पदयात्रा विजयपुरा चमरोला, विजयपुरा और ग्राम पूराकलां होते हुए शंकरगढ़ स्थित भोले बाबा मंदिर पहुंची। शाम को ग्राम पूराकलां में पदयात्रा का विश्राम हुआ। यात्रियों के रात्रि भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी ग्राम पूराकलां में की गई है।
ललितपुर जिले में पांच दिवसीय प्रवास के समापन पर दिग्विजय सिंह ने स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से श्री गुड्डू राजा बुंदेला का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे पांच दिनों तक यात्रा और सभी पदयात्रियों का जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत-सत्कार किया, वह अविस्मरणीय है। ऐसा लगा मानो उनके घर कोई बारात आई हो। उनके परिवार का स्नेह, अपनत्व और आतिथ्य हमेशा स्मृतियों में बना रहेगा।
दिग्विजय सिंह ने ललितपुर के कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया, जिन्होंने यात्रा मार्ग में जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया और अपना समर्थन एवं सहयोग दिया। उन्होंने ललितपुर की धरती और यहां के सभी निवासियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि लोगों का प्रेम, सम्मान और अपनत्व जीवनभर याद रहेगा।
यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा वोट चोरी के विरुद्ध लोकतंत्र की रक्षा और चंदा चोरी के विरुद्ध सनातन आस्था के सम्मान का जनसंकल्प है। जनता के वोट की पवित्रता और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान दोनों महत्वपूर्ण हैं। हमारी मांग है कि वोट चोरी और मंदिरों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे में हेराफेरी के मामलों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ईवीएम के स्थान पर मतपत्र से मतदान की व्यवस्था लागू की जाए।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म अनंत, शाश्वत और सर्वसमावेशी है। यह किसी को तोड़ने या बांटने का नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने और जोड़ने का संदेश देता है। सनातन परंपरा सत्य, करुणा, प्रेम, सहिष्णुता और सद्भाव की शिक्षा देती है। सनातन धर्म नफरत नहीं, प्रेम; विभाजन नहीं, एकता और भेदभाव नहीं, समभाव सिखाता है। यही सनातन की वास्तविक शक्ति और हमारा स्वाभिमान है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह धार्मिक स्थलों, संतों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं। गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद हुई थी। उज्जैन (शिवधाम) से अयोध्या (रामधाम) तक जारी इस पदयात्रा में वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दों पर जनजागरण के साथ सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों, प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया जा रहा है।




