दफ्तर दरबारी: डीजीपी कैलाश मकवाना के कारण आईपीएस वरुण कपूर का सपना टूटा
New DGP MP: डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन माह का एक्सटेंशन मिल रहा है तो आईपीएस वरूण कपूर के अरमान ठंडे हो जाएंगे। दो अन्य दावेदारों उपेंद्र जैन व प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के डीजीपी बनने की संभावना खत्म नहीं होगी।
इस माह के बाद मध्यप्रदेश का डीजीपी कौन रहेगा यह तय होने के आसार हैं। रविवार देर शाम चर्चा चली कि सरकार मौजूदा डीजीपी कैलाश मकवाना को तीन माह का एक्सटेंशन देने जा रही है। इस खबर के वायरल होते ही सीनियर आईपीएस वरूण कपूर के सारे अरमान ठंडे पड़ गए। अगर सरकार ने यह फैसला किया तो डीजीपी पद के अन्य दावेदार आईपीएस उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को तो फर्क नहीं पड़ेगा लेकिन वरुण कपूर डीजीपी बनने की रेस से बाहर हो जाएंगे।
नए समीकरणों के अनुसार अगर डीजीपी कैलाश मकवाना का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाया जाता है, तो वे फरवरी 2027 तक डीजीपी बने रहेंगे। वरुण कपूर मई 2027 में रिटायर होने वाले हैं। अगर फरवरी 2027 में नए डीजीपी के चयन के लिए दोबारा पैनल तैयार किया जाता है, तो उस समय उनकी नौकरी के करीब तीन महीने ही बचे होंगे। उनके डीजीपी बनने के सपने में उम्र का नियम सबसे बड़ी बाधा बनेगा। चयन के नियम के मुताबिक, पैनल में शामिल होने वाले अधिकारी की कम से कम छह महीने की सेवा शेष होना जरूरी है। ऐसे में फरवरी 2027 में नया पैनल बनने की स्थिति में वरुण कपूर इस शर्त को पूरा नहीं कर पाएंगे और उनका नाम दौड़ से बाहर हो सकता है।
यही कारण है कि जब डीजीपी कैलाश मकवाना के रिटायरमेंट की तारीख दो दिन बढ़ाने का प्रस्ताव सामने आया था तो एडीजी वरूण कपूर ने मोर्चा खोल दिया था। कैलाश मकवाना को 30 नवंबर 2026 को सेवानिवृत्त होना है। लेकिन पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को भेजी नोटशीट में कहा था कि मकवाना ने 2 दिसंबर को कार्यभार संभाला था। इसलिए दो वर्ष के कार्यकाल के अनुसार उनके रिटायरमेंट की तारीख भी 2 दिसंबर 2026 होनी चाहिए। मगर वरूण कपूर की आपत्ति के बाद सरकार ने 30 नवंबर को ही रिटायरमेंट की तिथि तय की थी। अब तीन माह का एक्सटेंशन मिल रहा है तो वरूण कपूर के अरमान ठंडे हो जाएंगे और दो अन्य दावेदारों उपेंद्र जैन व प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के डीजीपी बनने की संभावना खत्म नहीं होगी।
पूर्व एसपी ने क्यों लिखा, ईश्वर के घर देर है अंधेर नहीं
पहले हवाला में लूट के बाद देशभर में चर्चा का केंद्र बनी सिवनी पुलिस एकबार फिर बदनामी झेल रही है। इस बार होटल में छापा मार कर बेगुनाह के सामान में गांजा रखकर उसे खूंखार तस्कर बनाने की कोशिश के चलते पुलिस अफसर सस्पेंड हुए हैं।
यह पूरा मामला 13 नवंबर का बताया जा रहा है। सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली पुलिस की टीम पहुंची थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की बातचीत का एक ऑडियो और वीडियो सामने आया। वायरल रिकॉर्डिंग में पुलिसकर्मियों पर होटल में ठहरे एक बालिग प्रेमी जोड़े को परेशान करने और युवक के बैग में गांजा रखकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगे। इसके अलावा होटल संचालक से भी पैसे मांगने की बात सामने आई। होटल मालिक ने वसूली से तंग आ कर हिडन कैमरा लगा कर यह घटना रिकार्ड कर ली।
मामला खुला तो टीआई को सस्पेंड कर मामला रफादफा करने का प्रयास किया गया। जब यह असलियत सामने आई तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एएसपी दीपक मिश्रा और एसडीओपी चंचलेश मरकाम को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद हवाला कांड के वक़्त सिवनी के एसपी रहे आईपीएस सुनील मेहता के व्हाट्सएप स्टेटस का स्क्रीन शॉट वायरल हो गया। उन्होंने लिखा कि "ईश्वर के घर देर है, अंधेर नहीं।" इसे एएसपी दीपक मिश्रा के निलंबन से जोड़ कर देखा गया क्योंकि 18 नवंबर को एएसपी दीपक मिश्रा के निलंबन के बाद शाम पौने आठ बजे पूर्व एसपी सुनील मेहता ने यह स्टेटस लगाया था। मीडिया ने जब पूर्व एसपी सुनील मेहता से बात की तो उन्होंने इसे एक सामान्य स्टेटस बताया।
मगर इसे एएसपी दीपक मिश्रा के निलंबन से जोड़ने के कारण है क्योंकि पिछले साल अक्टूबर में सिवनी पुलिस पर हवाला कारोबारी से 1.5 करोड़ की लूट के आरोप लगे थे। तब तत्कालीन एसडीओपी पूजा पांडे समेत 9 पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज कर गिरफ़्तार किया गया था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड में वारदात वाली रात तत्कालीन एसडीओपी पूजा पांडे और एएसपी दीपक मिश्रा के बीच कॉल दर्ज हुआ था। बाद में खुलासा हुआ था कि यह कॉल किसी ओर केस के सिलिसले में लगाया गया था। बात जो भी हो एएसपी दीपक मिश्रा को लेकर नित नए खुलासे हो रहे हैं और पूर्व एसपी के कहने से कई लोग सहमत है कि ईश्वर के घर देर है, अंधेर नहीं।
20 हजार में बदलावओ कलेक्टर का आदेश
एमपी में भ्रष्टाचार का आलम यह है कि कलेक्टर का आदेश बदलने का भरोसा दिला कर बाबू रिश्वत मांग रहे हैं। यह रिश्वत बिना डरे मांगी जा रही है और मुंह मांगा पैसा न देने पर मोलभाव किया जा रहा है। मामला सीधी जिले का है। रीवा लोकायुक्त की टीम ने तहसील के बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा तो पूरा मामला खुला। यह बाबू भूपेंद्र सिंह चौहान एक किसान से उसकी पैतृक जमीन को कलेक्टर के आदेश से शासकीय भूमि घोषित करने के क्रियान्वयन रुकवाने के एवज में 15 हजार रुपए मांग रहा था।
किसान रिश्वत नहीं देना चाहते थे लेकिन बगैर रिश्वत के बाबू उनका काम नहीं कर रहा था। आरोपी बाबू द्वारा 10 हजार रुपए देने की मांग की गई तो शिकायत हुई और लोकायुक्त ने बाबू को पकड़ लिया। कलेक्टर के आदेश को बदलने के ऐसे मामले अन्य जिलों में भी होने के अंदेशा है। मई में दमोह कलेक्टर ने अपनी मीटिंग की गोपनीय जानकारियों के उजागर होने पर कर्मचारियों को खुफिया रिकॉर्डिंग करते पकड़ा था।
कलेक्टर और दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड
श्योपुर की कलेक्टर शीला दाहिमा एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनकी चर्चा किसी प्रशासनिक फैसले या सरकारी कार्यक्रम को लेकर नहीं, बल्कि उनके गायन के शौक को लेकर हो रही है। कलेक्टर शीला दाहिमा का एक और गाना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में कलेक्टर शीला दाहिमा बॉलीवुड फिल्म के चर्चित गाने 'दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड' की पंक्तियां गुनगुनाती सुनाई दे रही हैं। दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड गाने वाले उनके इस अंदाज पर मिली जुली प्रतिक्रियाएं आईं। फेसबुक पर एक टिप्पणी में कहा गया कि श्योपुर जिले की कलेक्टर शीला दहिमा पैदा तो ये 'इंडियन आइडल' के लिए हुई थीं लेकिन पहुँच गईं 'इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस' में। जबकि कुछ लोग उनके इस सहज और खुशनुमा अंदाज की सराहना कर रहे हैं। वे इसे एक अधिकारी के व्यक्तित्व का दूसरा पहलू बता रहे हैं। प्रतिक्रिया कैसी भी हो, फिलहाल कलेक्टर शीला दाहिमा देशभर की मीडिया की सुर्खियों में छाई हुई हैं।




