सतना में मिला देश का सबसे गरीब आदमी, तहसीलदार ने जीरो रुपए सालाना आय का प्रमाण पत्र दिया
उचेहरा तहसील के अमदरी गांव के रहने वाले संदीप कुमार नामदेव की वार्षिक आय शून्य है। तहसीलदार ने इसका प्रमाण पत्र भी बनाकर दिया है।

सतना। मध्य प्रदेश के सतना में देश का सबसे गरीब आदमी मिला है। शासन की ओर से उसे बाकायदा सबसे गरीब होने का सर्टिफिकेट भी मिला है। इसमें उसका वार्षिक आय शून्य रुपए लिखा हुआ है। उचेहरा तहसील के अमदरी गांव के रहने वाले संदीप कुमार नामदेव की वार्षिक आय शून्य है।
तहसीलदार ने 7 अप्रैल 2025 को जारी किया गया था। सोमवार को ये प्रमाण पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है। इसके बाद अब प्रशासनिक अधिकारी भी स्पष्टीकरण देने में जुट गए हैं। इस मामले में परियोजना अधिकारी रविकांत शर्मा का कहना है कि त्रुटि मिलने पर 20 जुलाई को आय प्रमाण पत्र निरस्त कर दिया था। इसके बाद संदीप को 40 हजार रुपए सालाना आय वाला प्रमाण पत्र जारी कर दिया था।
दरअसल, सतना जिले में दो दिन में ऐसा ये दूसरा मामला है। इससे पहले कोठी तहसील में नयागांव के रहने रामस्वरूप को 22 जुलाई 2025 को तहसीलदार सौरभ द्विवेदी के हस्ताक्षर से जारी आय प्रमाण पत्र भी चर्चा में आया था, जिसमें उनकी सालाना आय मात्र तीन रुपए दर्ज की गई थी। तब उन्हें देश का सबसे गरीब आदमी बताया जाने लगा। हालांकि, बाद में उन्हें नया प्रमाण पत्र जारी किया। इसमें उनकी आय 30 हजार रुपए दर्शाई गई।
परियोजना अधिकारी रविकांत शर्मा ने बताया कि लोक सेवक के तौर पर न्यूनतम दर पर कंप्यूटर ऑपरेटर रखे जाते हैं। जिनकी गलतियों की वजह से ये मामले सामने आ रहे है। मामला सोशल मीडिया में सामने आने के बाद कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने लोक सेवक कंप्यूटर ऑपरेटरों को पूरी तरह ट्रेनिंग दिए जाने के निर्देश दिए हैं। ताकि इस तरह की त्रुटियां अब सामने न आने पाए।