सागर के गढ़ाकोटा थाने पहुंचे दिग्विजय सिंह, कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

रहली से कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल पर हमला मामले में पुलिस दर्ज कर रही नयी एफआईआर, दिग्विजय सिंह के सामने दर्ज हो रहे हैं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान

Updated: Nov 20, 2023, 03:26 PM IST

सागर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ हुई ज्यादतियों के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। पूर्व सीएम रविवार देर रात सागर जिले के गढ़ाकोटा पहुंचे और यहां कांग्रेस प्रत्याशी पर हुए हमले की जानकारी ली। सिंह घटनास्थल पर भी गए और प्रत्यक्षदर्शियों से पूरा घटनाक्रम जाना। सोमवार सुबह अब सिंह गढ़ाकोटा थाने पहुंचे हैं और यहां उनके समक्ष ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज हो रहे हैं।

दिग्विजय सिंह करीब सुबह 11 बजे गढ़ाकोटा पुलिस थाना पहुंचे थे। लगभग दो घंटे हो गए हैं और सिंह अभी थाने में ही हैं। दरअसल, पुलिस ने पहले स्वतः संज्ञान लेकर केस दर्ज किया था जिसमें किसी को नामज़द आरोपी नहीं बनाया था। सिंह के पहुंचने के बाद अब एक और एफआईआर लिखा जा रहा है, जिसमें तफ्तीश से घटना की जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिखे जा रहे हैं। तीन घंटे में पाँच लोगों (ज्योति पटेल, अर्जुन सिंह ठाकुर, देवेंद्र सिंह मिंटू चौरा, अभिलाष सिंह चिंटू चौरा और नीलोत्पल राजपूत) के बयान दर्ज किए गए हैं।

दरअसल, मतदान के दूसरे दिन यानी शनिवार शाम को गढ़ाकोटा के गुंजोरा में मंत्री गोपाल भार्गव के गुर्गों ने कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल पर हमला कर दिया था। इस दौरान ज्योति पटेल ने घर में छिपकर खुद को बचाया। हमलावरों ने पटेल के साथ मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की थी और कई वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। हमले के दौरान काग्रेंस प्रत्याशी ज्योति पटेल ने फेसबुक लाइव आकर बताया था कि किस तरह उनके ऊपर फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि मेरी हत्या हो सकती है और इसके लिए मंत्री गोपाल भार्गव जिम्मेदार होंगे।

इसी मामले की हकीकत जानने पूर्व सीएम गढ़ाकोटा पहुंचे थे। सिंह को जब पता चला की पुलिस मंत्री भार्गव के दबाव में आकर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है तो वे खुद पीड़ितों और प्रत्यक्षदर्शियों को लेकर थाने पहुंचे। अब सिंह अपने सामने ही एफआईआर लिखवा रहे हैं। सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जाए।

इससे पहले दिग्विजय सिंह खजुराहो में थे। यहां वे कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या मामले में धरने पर बैठे थे। सिंह का धरना 24 घंटे तक चला। पूरी रात वे खजुराहो थाने के बाहर खाट लगाकर ही लेटे रहे। रविवार दोपहर जिला एसपी के आश्वासन के बाद सलमान के परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए तब सिंह का धरना खत्म हुआ।