MP में बड़े पैमाने पर बिक रहा है नकली खाद, रीवा में नकली खाद से भरा ट्रक पकड़ाया

बताया जा रहा है कि नकली खाद को अवैध तरीके से बाजार में खपाने की तैयारी थी। लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

Updated: Jun 09, 2025, 02:16 PM IST

Photo Courtesy: DB
Photo Courtesy: DB

रीवा। मध्य प्रदेश में खाद संकट बरकरार है। प्रदेश में बड़े पैमाने पर खाद की कालाबाजारी भी हो रही है। रीवा से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां बारिश के मौसम से पहले नकली खाद की बिक्री करने वालों पर पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार देर रात संयुक्त दल ने नकली खाद से भरे एक ट्रक को जब्त कर दो व्यवसायियों को हिरासत में लिया है।

एडिशनल एसपी विवेक लाल ने बताया कि जिले में नकली खाद की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसके बाद मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। आरोपी नकली खाद की एक बड़ी खेप को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खपाने की फिराक में थे। टीम ने नकली खाद से भरे ट्रक के साथ कार सवार दो युवकों को हिरासत में लिया।

यह भी पढ़ें: एकमुश्त राशन वितरण में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने प्रमुख सचिव को लिखा पत्र

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास गुप्ता (24) पिता राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, निवासी वार्ड क्रमांक 12 थाना गढ़ जिला रीवा और महेश प्रजापति (27) पिता रामेश्वर प्रजापति, निवासी टिकुरिया टोला थाना कोलगवां जिला सतना के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से 70 बोरी नकली खाद बरामद की गई है।

चोरहटा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ से नकली खाद के एक बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है। पुलिस का मानना है कि आरोपी लाइसेंसी व्यवसायियों के सहारे नकली खाद का कारोबार कर रहे थे।