बिहार चुनाव: भैंस को सवारी बना लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने पहुंचा शख्स, पहले चरण का मतदान संपन्न
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग में औसतन 60.13% मतदान हुआ। बेगूसराय में सबसे ज्यादा और शेखपुरा में सबसे कम वोट पड़े। वैशाली के किसान केदार यादव भैंस पर बैठकर वोट डालने पहुंचे, जिसकी तस्वीर वायरल हो गई।
बिहार। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग पूरी हो चुकी है। राज्य में औसतन 60.13% मतदान दर्ज किया गया है। इसी बीच वैशाली जिले के भगवानपुर से लोकतंत्र की ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने पूरे बिहार का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जिले में एक किसान भैंस पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचा।
वैशाली के किसान केदार यादव जब ब्लैक टी-शर्ट, काले चश्मे और हाथ में वोटर आईडी लेकर भैंस पर सवार होकर मतदान केंद्र पहुंचे तो पूरा इलाका कुछ क्षणों के लिए मतदान भूल उन्हें देखने के लिए ठहर गया। कोई मुस्कुरा रहा था तो कोई मोबाइल निकालकर उनकी वीडियो बना रहा था। मतदान केंद्र के बाहर यह नजारा देखकर लोग बोले,“भैया, यह तो सच्चे लोकतंत्र की सवारी है”
यह भी पढ़ें:बिहार चुनाव: 18 जिलों की 121 विधानसभा में वोटिंग शुरू, 14 मंत्रियों की भी किस्मत दांव पर
केदार यादव ने बताया कि उन्हें मतदान केंद्र तक जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिल रहा था। लेकिन लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने से वे चूकना नहीं चाहते थे। किसान होने के नाते उन्होंने अपनी भरोसेमंद साथी भैंस को ही अपनी सवारी बना ली। उन्होंने हंसते हुए कहा, “गाड़ी-घोड़ा आज नहीं चला लेकिन वोट डालना जरूरी है। हम किसान हैं, भैंस पालते हैं, तो उसी पर बैठकर आ गए लोकतंत्र निभाने।”
सोशल मीडिया पर केदार यादव की तस्वीरें अब तेजी से वायरल हैं। लोग उन्हें लोकतंत्र का सबसे देसी हीरो और रियल वोटिंग स्टार कह रहे हैं। इस दौरान केदार ने सभी मतदाताओं से वोट डालने की अपील भी की। उन्होंने कहा, “हालात कोई भी हों, वोट जरूर डालिए। ये अधिकार भी है और जिम्मेदारी भी।”
यह भी पढ़ें:Bihar Elections: लखीसराय में बूथ कैप्चरिंग, RJD ने ECI पर लगाए स्लो वोटिंग कराने के आरोप
बिहार में पहले चरण में उत्साहजनक मतदान देखा गया। राज्य का औसत मतदान 60.13% रहा। कुछ जिलों में यह आंकड़ा खासा ऊंचा रहा। पूरे राज्य में सबसे ज्यादा मतदान बेगूसराय में हुआ। देखिए पूरे राज्य में सभी जिलों के हाल-
गोपालगंज - 64.96%
मुजफ्फरपुर - 64.63%
सहरसा - 62.65%
लखीसराय - 62.76%
सारण - 60.90%
खगड़िया - 60.65%
वैशाली - 59.45%
दरभंगा - 58.38%
नालंदा - 57.58%
सीवान - 57.41%
पटना - 55.02%,
बक्सर - 55.10%,
मुंगेर - 54.90%,
भोजपुर - 53.24%
शेखपुरा - 52.36%
यह भी पढ़ें:भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी करारी शिकस्त, चौथे टी-20 में 48 रन से हराया




