शिवराज सरकार ने तानाशाही की सारी हदें पार कर दी, मुरैना में पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी पर भड़की कांग्रेस

मुरैना में सीएम शिवराज के आगमन से पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत दर्जनभर कार्यकर्ता गिरफ्तार कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि शिवराज सरकार ने तानाशाही की सारी हदें पार कर दी है।

Updated: Apr 06, 2023, 05:27 PM IST

मुरैना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज लाडली बहना सम्मेलन के लिए मुरैना पहुंचे। सीएम चौहान के आगमन से पूर्व पुलिस ने बिना किसी वजह 100 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तल्ख टिप्पणी की है। कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि शिवराज सरकार ने तानाशाही की सारी हदें पार कर दी है।

दरअसल, गुरुवार सुबह CM के आने से पहले जिला पुलिस ने बिना किसी वजह कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा समेत 100 से ज्यादा कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि वे राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के विरोध में CM चौहान को काले झंडे दिखाने की रणनीति बना रहे थे। 

यह भी पढ़ें: विपक्षी सांसदों का संसद से विजय चौक तक तिरंगा मार्च, कांग्रेस बोली- लोकतंत्र खत्म कर रही है मोदी सरकार

पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी पर कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने तल्ख टिपण्णी की है। आनंद जाट ने कहा, "विनाश काले विपरीत बुद्धि। सीएम चौहान की बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है। हार निकट देख वे तानाशाही और अत्याचार करने लगे हैं। सीएम जहां जाते हैं वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उठा लिया जाता है। यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। पुलिस हर जिले में यही कहती है कि कांग्रेस कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने की रणनीति बना रहे थे। दरअसल, ये मुख्यमंत्री की बौखलाहट है। शिवराज सरकार का जाना तय है। भाजपा जितना अत्याचार करेगी हम कांग्रेस के लोग उतना ही मजबूत होकर उभरेंगे।"

बात दें कि मुख्यमंत्री मुरैना में आज लाडली बहना सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुए और महिलाओं को संबोधित किया। सीएम चौहान के कार्यक्रम में महिलाओं की भीड़ जुटाने के लिए प्रशासन ने पुरी ताकत झोंक दी थी। महिलाओं को लाने के लिए प्रशासन की ओर से सैंकड़ों बसों का अधिग्रहण किया गया था।