भिंड में भीषण सड़क हादसा, बारातियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन की मौत और 25 से ज्यादा घायल

रात के अंधेरे में ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ रहा था, तभी बरहा गांव के नजदीक बीहड़ में पुलिया के पास मोड़ होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।

Updated: Feb 13, 2025, 02:55 PM IST

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में बुधवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। दतिया के मांगरोल से लहार आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से करीब 25 से अधिक बराती घायल हुए थे। सुबह इस मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल तीन लोगों की मौत हो गई है। तीनों मृतक महिला हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायलों की संख्या भी बढ़ गई है। 

लहार के असवार थाना क्षेत्र के बरहा गांव के पास यह हादसा हुआ है। दतिया के मांगरोल से लहार आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से करीब 25 लोग घायल हुए हैं। इस हादसे में तीन महिला बरातियों की मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक मगरौल गांव से ट्रैक्टर पर सवार होकर 30 से 40 लोग एक शादी समारोह में लहार जा रहे थे। ये सभी लड़की पक्ष के लोग बताए जा रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: जबलपुर में ट्रक-ट्रैवलर की भिड़ंत, कुंभ से लौट रहे 7 श्रद्धालुओं की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

रात के अंधेरे में ट्रैक्टर तेज रफ्तार से दौड़ रहा था, तभी बरहा गांव के नजदीक बीहड़ में पुलिया के पास मोड़ होने के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। घायलों को सेंवढ़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस की मदद से भेजा गया। सवार सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने लहार जा रहे थे।

भिंड जिले में ही बुधवार को हुए एक अन्य सड़क हादसे में करीब 14 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बरातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को गोहद अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं, एक गंभीर घायल को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। मुरैना के अम्बाह तहसील से मालनपुर मान सरोवर होटल की और बस आ रही थी। मालनपुर थाना क्षेत्र का यह मामला है।