धीरेंद्र शास्त्री के आमंत्रण पर बागेश्वर धाम जाएंगे कमल नाथ, कन्या विवाह में होंगे शामिल

कमल नाथ 13 फरवरी को गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम पहुंचेंगे

Publish: Feb 09, 2023, 07:48 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ बागेश्वर धाम जाएंगे। पूर्व सीएम 13 फरवरी को वहां पहुंचेंगे। वे कन्या विवाह में शामिल होने बागेश्वर धाम जाएंगे। ख़ुद धीरेंद्र शास्त्री ने उन्हें कार्यक्रम में शिरकत करने का न्योता भेजा था। 

पीसीसी चीफ़ 13 फरवरी को सुबह करीब ग्यारह बजे छतरपुर के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम पहुंचेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वहां निर्धन कन्याओं का विवाह कार्यक्रम होना है। इस समारोह में कुल 121 कन्याओं का विवाह होगा जिसमें 73 कन्याएं ऐसी हैं जिनके माता पिता नहीं हैं। 

धीरेंद्र शास्त्री बीते दिनों मीडिया की सुर्खियों में थे। धीरेंद्र शास्त्री लोगों के मन की बात जान लेने का दावा करते हैं। महाराष्ट्र में उनके विरुद्ध तर्कशास्त्री श्याम मानव ने उनके खिलाफ अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया था। इसके अलावा धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ महाराष्ट्र के जादू टोटका अधिनियम के तहत पुलिस में मुकदमा भी दर्ज किया गया था। 

पिछले महीने नागपुर में धीरेंद्र शास्त्री राम कथा समारोह में गए थे लेकिन दिव्य दरबार लगाने से पहले ही वह वहां से लौट आए। धीरेंद्र शास्त्री पर यह आरोप लगा कि कहीं उनके अंधविश्वास की पोल न खुल जाए इसके भय से वह वहां से फरार हो गए। नागपुर में खुद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी धीरेंद्र शास्त्री से मिलने गए थे।