MP में भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान, एल मुरुगन, उमेश नाथ समेत चार लोगों के हैं नाम

केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को एक बार फिर मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। अन्य तीन नामों में उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर शामिल हैं।

Updated: Feb 14, 2024, 11:33 AM IST

भोपाल। राज्यसभा चुनाव को लेकर मध्य प्रदेश से भाजपा ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन को एक बार फिर मध्य प्रदेश से प्रत्याशी बनाया गया है। अन्य तीन नामों में उमेश नाथ महाराज, माया नारोलिया और बंसीलाल गुर्जर शामिल हैं। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ओडिशा से कैंडिडेट बनाया गया है।

एल मुरुगन केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय और सूचना और प्रसारण मंत्रालय में राज्य मंत्री हैं। सात जुलाई 2021 को उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया गया था। इससे पहले वे भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रदेश अध्यक्ष थे। उमेश नाथ महाराज अखिल भारतीय वाल्मिकी सनातन धर्म के राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष हैं। वे उज्जैन के रहने वाले हैं और उनके भक्त मध्य प्रदेश और राजस्थान में फैले हैं। 

इसके अलावा माया नारोलिया मध्य प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं। वहीं, मंदसौर निवासी बंसीलाल गुर्जर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। बता दें कि कल यानी 15 फरवरी नॉमिनेशन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। ऐसे में कांग्रेस भी उम्मीदवार आज ही घोषित कर सकती है। एमपी की इन 5 में से 4 सीटों पर बीजेपी और एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।