मणिपुर को छोड़ मध्यप्रदेश के दौरे कर रहे हैं गृहमंत्री अमित शाह, मगर मणिपुर पर नहीं बोल रहे, कांग्रेस ने लगाए शाह पर गंभीर आरोप 

मध्यप्रदेश में विधानसभा के चुनावों की सरगर्मी बढ़ने लगी है। देश के गृहमंत्री अमित शाह एक के बाद एक मध्यप्रदेश के दौरे कर रहे हैं। इसे लेकर कांग्रेस ने खंडवा में अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भाजपा हार के डर से भयभीत है।

Publish: Jul 31, 2023, 01:21 PM IST

खंडवा। मध्यप्रदेश में चुनावों की सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। अमित शाह लगातार मध्यप्रदेश के दौरे कर भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे रहे हैं। इसको लेकर खंडवा कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा को हार का डर सता रहा है। इसलिए भाजपा के वरिष्ठ नेता और देश के गृहमंत्री अमित शाह को मणिपुर जैसे ज्वलनशील मुद्दे को छोड़कर मध्यप्रदेश के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मणिपुर मुद्दे पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगर समय रहते ध्यान देते, तो आज मणिपुर की ऐसी हालत न होती। इतना ही नहीं कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शिवराज चौहान पर भी निशाना साधा और एक बार फिर मंदसौर में हुए गोलीकांड का मुद्दा उठाया। कांग्रेस ने शिवराज सिंह चौहान पर भ्रष्ट मुख्यमंत्री होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा की अब सत्ता से जल्दी ही रवानगी होने वाली है। 

डॉ. मुनीश मिश्रा ने कहा कि शिवराज सरकार ने 2017 में मंदसौर में किसानों पर गोली चलाई थी। लेकिन किसान विरोधी स्वरूप का परिचय देते हुए शिवराज सरकार ने आज तक मंदसौर गोलीकांड की जांच रिपोर्ट विधानसभा के पटल पर नहीं रखी है। 


उन्होंने तीन कृषि कानूनों को लेकर निशाना साधा और कहा कि जब केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने तीन काले कृषि कानून लाए गए तो उस समय भी शिवराज सरकार ने उन कानूनों का पूरा समर्थन किया था। इन तीनों काले कानूनों का मकसद किसानों की जमीनों को कुछ पूंजीपतियों के हाथ में पहुंचाना था। इन कानूनों का विरोध करने में 700 से अधिक किसानों की मृत्यु हो गई।