असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर फिर हमला, हमलवारों के हाथ में था भाजपा का झंडा

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भाजपा के लोगों ने हमारी सोशल मीडिया टीम के कैमरामैन और अन्य सदस्यों पर हमला किया, जिनमें 2 महिलाएं भी थीं।

Updated: Jan 21, 2024, 05:18 PM IST

नई दिल्ली। मणिपुर से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भाजपा शासित असम में है। यहां भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर 48 घंटे में दूसरी बार हमला हुआ है। हमलावरों के हाथ में भाजपा का झंडा था। जिससे स्पष्ट है कि हमलावर भाजपा नेताओं के गुर्गे थे। कांग्रेस ने इस घटना के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा सरमा को जिम्मेदार ठहराया है।

कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा, 'असम में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान BJP के गुंडों ने कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश जी की गाड़ी को रोका, गाड़ी पर लगे यात्रा के स्टीकर को फाड़ दिया। BJP के गुंडों ने कांग्रेस सोशल मीडिया टीम के कैमरामैन और अन्य सदस्यों पर भी हमला किया, जिसमें महिलाएं भी थीं। 
इन गुंडों के हाथ में BJP का झंडा था। साफ है कि यह घटना सीधे तौर पर असम के मुख्यमंत्री के इशारों पर की गई है।'

कांग्रेस ने आगे लिखा, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा को मिल रही सफलता ने BJP की नींद उड़ा दी है। वे डरे और घबराए हुए हैं। यही वजह है कि वे इस तरह की कायराना हरकत पर उतर आए हैं। लेकिन, हम इन गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं। कोई भी शक्ति इस यात्रा को नहीं रोक सकती। भारत जोड़ो न्याय यात्रा जारी है, न्याय का हक, मिलने तक।'

वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा, 'भाजपा के लोगों ने हमारी सोशल मीडिया टीम के कैमरामैन और अन्य सदस्यों पर हमला किया, जिनमें 2 महिलाएं भी थीं। हिमंता, यह गीदड़ हरकतें करनी और करवानी छोड़ दो। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को तुम और तुम्हारे गुंडे नहीं रोक सकते।'

बता दें कि इससे पहले 19 जनवरी की रात को भी कांग्रेस ने न्याय यात्रा के काफिले पर भाजपा के हमले का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें कुछ गाड़ियों के शीशे टूटे हुए दिख रहे हैं। साथ ही कुछ लोग पार्टी के होर्डिंग-बैनर उखाड़ते दिख रहे हैं।