दतिया में BJP झंडा लगी स्कॉर्पियो से हो रही थी शराब तस्करी, 58 पेटियां जब्त
तस्कर स्कॉर्पियो वाहन पर BJP का झंडा लगाकर बेखौफ तरीके से शराब ले जा रहा था। ताकि रास्ते में किसी को शक न हो।
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में पंडोखर थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तस्कर एक स्कॉर्पियो वाहन पर बीजेपी का झंडा लगाकर बेखौफ तरीके से शराब की खेप ले जा रहा था, ताकि रास्ते में किसी को शक न हो। हालांकि पुलिस की सतर्कता से उसका यह तरीका काम नहीं आया और कार्रवाई के दौरान वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 26-27 मार्च की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दबोह की ओर से एक सफेद स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही सालोन तिराहा पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो वहां पहुंची, जिसे रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने नाकाबंदी तोड़ दी और तेज रफ्तार से भाग निकला।
दतिया पुलिस ने वाहन का पीछा किया। इस दौरान चालक बरका तिराहा, हसनपुर रोड के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग गया। वाहन की तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के पीछे 58 पेटियां देसी प्लेन शराब बरामद हुईं। पुलिस ने वाहन सहित कुल 8 लाख 32 हजार रुपये कीमत का मशरूका जब्त किया है।
मामले में फरार आरोपी चालक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। मामले का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार दोपहर किया। साथ ही पुलिस यह जांच कर रही है गाड़ी किसकी है। गाड़ी मालिक का बीजेपी से क्या क्नेक्शन है।




