15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने गेंद से किया कमाल, 4 गेंद में झटके 2 विकेट
दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मैच में 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने गेंदबाजी में कमाल करते हुए एक ही ओवर की 4 गेंदों में 2 विकेट चटकाए।
दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले के बाद गेंद से भी अपनी प्रतिभा दिखाई। ईस्ट जोन की ओर से खेल रहे वैभव ने नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में सिर्फ चार गेंदों के अंतराल में दो विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर किशन लिंगदोह और पांचवीं गेंद पर इमलीवाती लेमटूर को आउट किया था। ईस्ट जोन ने यह मुकाबला पारी और 210 रन से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब टीम का सामना 30 अगस्त को सेंट्रल जोन से होगा।
नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी के 28वें ओवर में गेंद वैभव के हाथ में आई थी। ओवर की दूसरी गेंद पर किशन लिंगदोह ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन बल्ले से गेंद का सही संपर्क नहीं हो सका। इस दौरान सब्स्टीट्यूट फील्डर दानिश दास ने कैच लपक लिया और लिंगदोह को पवेलियन लौटना पड़ा।
इसके बाद क्रीज पर आए इमलीवाती लेमटूर ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया था। हालांकि, वैभव ने उन्हें ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। ओवर की पांचवीं गेंद पर लेमटूर का कैच विकेटकीपर ईशान किशन ने पकड़ लिया था। इस तरह 15 वर्षीय वैभव ने महज चार गेंदों के भीतर दो बल्लेबाजों को आउट कर दिया।
यह भी पढ़ें:पटना में BPSC TRE-4 में बदलाव की मांग पर छात्रों का प्रदर्शन, डाकबंगला पर पुलिस से झड़प
वैभव ने इस मुकाबले में कुल तीन ओवर गेंदबाजी की और 11 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। वहीं, बल्लेबाजी में उनका योगदान आठ रन का रहा था। गेंद से मिली इस सफलता ने ईस्ट जोन की पकड़ और मजबूत कर दी जो पहले ही मुकाबले में बड़ी बढ़त हासिल कर चुका था।
ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। टीम के लिए शाहबाज अहमद ने शानदार 167 रन बनाए थे। यह उनके फर्स्ट क्लास करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। उनके अलावा सुदीप कुमार घरामी ने 146 रन की बड़ी पारी खेली थी। जबकि, कुमार कुशाग्र ने 55 रन बनाए थे।
467 रन के जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की पहली पारी महज 111 रन पर खत्म हो गई थी। ईस्ट जोन की ओर से अब्हिजित के. सरकार ने पांच विकेट झटके थे। जबकि, शाहबाज अहमद ने तीन बल्लेबाजों को आउट किया था। पहली पारी में 356 रन की बढ़त मिलने के बाद ईस्ट जोन ने नॉर्थ ईस्ट जोन को फॉलोऑन दे दिया था।
यह भी पढ़ें:UP, उत्तराखंड और पंजाब में अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी BSP, मायावती का ऐलान
फॉलोऑन के बाद नॉर्थ ईस्ट जोन के बल्लेबाजों की मुश्किलें कम नहीं हुई। दूसरी पारी में भी विकेट लगातार गिरते रहे और टीम एक समय 102 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी। पारी की हार टालने के लिए उसे उस समय 254 रन की जरूरत थी।
ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा था। मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने नई गेंद से बल्लेबाजों को परेशान किया था। इसके बाद शाहबाज अहमद और अनुकूल रॉय ने भी विकेट निकालकर नॉर्थ ईस्ट की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई थी। इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर जीत को और आसान कर दिया।
आखिरकार नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी 146 रन पर समाप्त हो गई। इस तरह ईस्ट जोन ने 467 रन बनाने के बाद विपक्षी टीम को 111 और 146 रन पर समेटते हुए पारी और 210 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ईस्ट जोन दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गया है जहां 30 अगस्त को उसकी भिड़ंत सेंट्रल जोन से होगी।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए, 20 दिन की जांच के बाद बॉर्डर के लिए हुए रवाना




