मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, बाल-बाल बचे त्रिपाठी

मैहर विधायक त्रिपाठी स्कॉर्पियो से पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सागर जिले के गढ़ाकोटा के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई है।

Updated: Apr 13, 2023, 08:22 AM IST

सागर। सतना के मैहर से भाजपा विधायक नारायण त्रिपाठी की कार दुर्घटनाग्रस्त हाे गई। त्रिपाठी की कार को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी के पखच्चे उड़ गए, लेकिन राहत कि बात रही कि विधायक नारायण त्रिपाठी और उनका ड्राइवर बाल-बाल बच गए। ये हादसा मंगलवार को रात करीब 12 बजे हुआ था। विधायक नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी करके खुद के सकुशल होने की सूचना दी है।

मैहर विधायक त्रिपाठी ने बताया कि वे स्कॉर्पियो से पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सागर जिले के गढ़ाकोटा के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। हालांकि हादसे में उन्हें ज्यादा चोट नहीं आई है। बताया जा रहा है कि विधायक को पसलियों में हल्की चोट लगी है। हादसे की तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। 

यह भी पढ़ें: गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की विधायिकी जाएगी या रहेगी, पेड़ न्यूज मामले में 19 अप्रैल को होगी अंतिम सुनवाई

नारायण त्रिपाठी ने वीडियो जारी कर अपने सकुशल होने की सूचना दी। उन्होंने वीडियो में कहा कि, '11 अप्रैल रात करीब 12 बजे हम लोग स्कॉर्पियो वाहन से बागेश्वर महाराज की कथा के लिए जा रहे थे। उस दौरान ट्रक से हमारा एक्सीडेंट हो गया। वाहन में हम चार लोग थे। हम पूरी तरह स्वस्थ हैं। किसी को भी किसी तरह की चोट नहीं आई है। भगवान की कृपा से हम पूरी तरह स्वस्थ हैं, लेकिन गाड़ी के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए हैं। सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद, आभार, जो आप इतनी दुआएं देते हैं। इन्हीं दुआओं की वजह से हम ठीक हैं।'

बता दें कि बीजेपी के बागी विधायक नारायण त्रिपाठी ने हाल ही में भाजपा से अलग होकर विंध्य पार्टी बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वे विंध्य की 30 सीटों पर कैंडिडेट उतारेंगे। त्रिपाठी पिछले कुछ सालों से लगातार पृथक विंध्य प्रदेश बनाने की मांग भी कर रहे हैं। इसी मांग को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने विंध्य जनता पार्टी का गठन किया है।