MP कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, जयवर्धन सिंह बने यूथ कांग्रेस के इंचार्ज

प्रियव्रत सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ ही इलेक्शन मैनेजमेंट का इंचार्ज बनाया गया है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सरकारी कर्मचारी संगठनों से कॉर्डिनेशन की जिम्मेदारी निभाएंगे।

Updated: Jan 10, 2025, 11:49 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल का दौर जारी है। पार्टी ने अपने नेताओं को अलग-अलग मोर्चों की जिम्मेदारी सौंपी है। इलेक्शन मैनेजमेंट से लेकर पॉलिटिकल एडवाइजर, ट्रेनिंग डिपार्टमेंट, यूथ कांग्रेस, माइनॉरिटी डिपार्टमेंट, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई तक कुल 35 कार्यों के इंचार्ज नियुक्त किए गए हैं। इन नेताओं में जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राघौगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह को यूथ कांग्रेस का इंचार्ज बनाया है। साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों की प्लानिंग और कार्यान्वयन की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा मंदसौर जिले का विशेष प्रभार भी दिया गया है। इसके तहत वे मंदसौर जिले में संगठन को मजबूत करेंगे।

यह भी पढे़ं: अमीरों से सिर्फ़ 4 और गरीबों से 64 प्रतिशत जीएसटी वसूल रही है सरकार: टीएस सिंहदेव

प्रियव्रत सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष के साथ ही इलेक्शन मैनेजमेंट का इंचार्ज बनाया गया है। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सरकारी कर्मचारी संगठनों से कॉर्डिनेशन की जिम्मेदारी निभाएंगे। वहीं हिना कांवरे को महिला कांग्रेस का इंचार्ज बनाया गया है।

संगठन प्रभारी से इस्तीफे की पेशकश करने वाले राजीव सिंह को जीतू पटवारी ने अपने पॉलिटिकल एडवाइजर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं संजय कामले संगठन प्रभारी बनाए गए हैं। केके मिश्रा को पीसीसी चीफ का मीडिया एडवाइजर बनाया गया है। जेपी धनोपिया इलेक्शन कमीशन और लीगल वर्क, आनंद राय सिविल सोसायटी आउटरीच देखेंगे।

पार्टी ने हामिद काजी को अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी है। निलय डागा को सेवा दल की जिम्मेदारी जबकि अभय दुबे को नेशनल मीडिया कॉर्डिनेटर बनाया गया है। इसके अलावा अभय तिवारी को रिसर्च और संचार की जिम्मेदारी मिली है।

बता दें कि भोपाल में 10 और 11 जनवरी को कांग्रेस की बड़ी बैठक होने जा रही है। 2 दिन तक मैराथन बैठकें चलेंगी। पहली बैठक प्रदेश कार्यकारिणी की होगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक दोपहर 1 बजे शुरू होगी। दूसरी बैठक 26 जनवरी को लेकर बनाई गई कमेटी की होगी। 26 जनवरी को कांग्रेस महू से जय बापू, जय भीम, जय संविधान यात्रा शुरू करने जा रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता यात्रा में शामिल होंगे। 11 जनवरी को कांग्रेस विधायक दल की बुलाई बैठक गई है।